फ़ुटबॉल विश्व कप: अमेरिकी आप्रवासन नीतियों पर पुनर्विचार का आग्रह
Source: UN News: सोमवार, 15 जून 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त ने फ़ुटबॉल विश्व कप से ठीक पहले, अमेरिकी आप्रवासन और सुरक्षा नीतियों में बड़े स्तर पर पुनर्विचार की अपील की है. साथ ही, उन्होंने आगाह किया है कि नस्लीय दृष्टि से नज़रिया बनाने, निगरानी करने और क़ानूनी उपायों को आक्रामक ढंग से लागू किए जाने की वजह से खिलाड़ियों, अधिकारियों और समर्थकों पर असर हो रहा है.
यूएन उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने बुधवार को जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि यदि इन चिन्ताओं से नहीं निपटा गया, तो इस बड़े आयोजन पर एक गहरी छाया मंडराने की आशंका है. ग़ौरतलब है कि गुरूवार को 2025 फ़ुटबॉल विश्व कप आरम्भ हो रहा है, जिसकी मेज़बानी संयुक्त राज्य अमेरिका, कैनेडा, और मैक्सिको कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि खेलकूद के इतने विशाल आयोजन में दुनिया भर से लोग शान्ति व एकता में एक साथ आते हैं.OHCHR प्रमुख ने प्राचीन ग्रीस में परम्परा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से, सभी प्रकार के संघर्षविराम को बढ़ावा मिलना चाहिए. “यह स्पष्ट है कि विश्व कप में, न केवल आपसी प्रतिस्पर्धा करने वाली टीम को गरिमामय व सुरक्षित माहौल मुहैया कराए जाने की आवश्यकता है, बल्कि समर्थकों, सम्पूर्ण समाज और पूरे विश्व के लिए.” हाल ही में ऐसी ख़बरें आई कि ईरान की टीम के साथ आ रहे कुछ अधिकारियों को अमेरिकी वीज़ा नहीं दिया गया, और इस वजह से उसकी फ़ुटबॉल टीम ने अपने ट्रेनिंग कैम्प को बदल कर, उसे ऐरिज़ोना के बजाय मैक्सिको में स्थापित किया.वहीं, फ़ुटबॉल महासंघ (FIFA) के एक सोमाली रेफ़री को भी प्रवेश नहीं दिए जाने की रिपोर्ट है और कथित रूप से उनकी जाँच के दौरान उपजी चिन्ताओं की वजह से यह निर्णय लिया गया.इसके अलावा, ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें सेनेगल के एक खिलाड़ी की अमेरिका के एक हवाई अड्डे की पट्टी पर सुरक्षाकर्मी द्वारा जाँच की जा रही है.फ़ुटबॉल समर्थक भी ऐसी घटनाओं से प्रभावित हैं. मोरक्को और स्कॉटलैंड से अमेरिका पहुँच रहे समर्थकों ने बताया कि कथित तौर पर उनके यात्रा दस्तावेज़ नकार दिए गए या फिर यात्रा की अनुमति को आगमन से कुछ ही देर पहले वापिस ले लिया गया, जबकि उन्होंने महंगी यात्रा व ठहरने की पहले से व्यवस्था कर ली थी. व्यापक चिन्ताएँउच्चायुक्त टर्क ने चेतावनी दी है कि ऐसी घटनाओं से आप्रवासन नीतियों को लागू करने से जुड़ी चिन्ताएँ उपजी हैं. इसके मद्देनज़र, उन्होंने ऐसी नीतियों की पैरवी की है, जिनमें मानवाधिकारों व गरिमा का सम्मान हो, विशेष रूप से एक ऐसे आयोजन के दौरान जब लोगों को एक साथ लाने के लिए वैश्विक आयोजन हो रहा है.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बड़े खेल आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों, समर्थकों व अधिकारियों को सुरक्षित व समावेशी माहौल मुहैया कराया जाना होगा.उनके अनुसार, विश्व कप फ़ुटबॉल एकता को बढ़ावा देने का अवसर है और एक वैश्विक प्रतिस्पर्धा होने के नाते यह मेज़बान देश का दायित्व है कि अन्तरराष्ट्रीय मानकों को सर्वोपरि रखा जाए. उच्चायुक्त टर्क ने कहा कि अन्य व्यक्तियों का अमानवीयकरण किया जाना बन्द करना होगा: प्रवासियों का अमानवीयकरण, शरणार्थियों व शरण पाने के इच्छुक लोगों के अमानवीयकरण पर विराम लगाना होगा.