-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

UNEP: जलवायु संकट के बीच उम्मीद की पाँच वजहें

Source: UN News: सोमवार, 08 जून 2026 00:01 AM (IST)
UNEP: जलवायु संकट के बीच उम्मीद की पाँच वजहें
वैश्विक तापमान बढ़ने की चिन्ताओं के बीच, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की नई रिपोर्ट बताती है कि जलवायु संकट से निपटने की कोशिशों में अब भी उम्मीद की कई वजहें हैं. रिपोर्ट के अनुसार, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली चालित वाहन, बेहतर इमारतें, ऊष्मा पम्प और भोजन की बर्बादी कम करने जैसे क्षेत्र तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं, और ये साधन, कार्बन उत्सर्जन घटाने व जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. वैज्ञानिकों का कहना है कि पृथ्वी इस दशक के भीतर वैश्विक तापमान वृद्धि की एक अहम सीमा को पार कर सकती है. इससे दुनिया जलवायु संकट के और गम्भीर दौर के क़रीब पहुँच जाएगी.लेकिन उम्मीद की वजह भी है. संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, नवीकरणीय ऊर्जा जैसी कई जलवायु-अनुकूल तकनीकें अब ऐसे मोड़ पर पहुँच रही हैं, जहाँ वे मुख्यधारा का हिस्सा बन सकती हैं.इन बदलावों से कुछ क्षेत्रों में जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम हो सकती है और वैश्विक तापमान वृद्धि को बढ़ाने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में बड़ी कमी लाने में मदद मिल सकती है.Cheaper. Cleaner. Unstoppable. Clean technologies that are delivering for the Climate शीर्षक वाली इस रिपोर्ट के अनुसार, यह बदलाव अपने-आप नहीं होगा. इसके लिए स्पष्ट और लगातार नीतियों, निवेश और लोगों के समर्थन की ज़रूरत होगी.फिर भी, इन तकनीकों की तेज़ प्रगति जलवायु कार्रवाई में जुटे लोगों के लिए उम्मीद जगाती है. एक बार जब कोई तकनीक एक निश्चित स्तर तक पहुँच जाती है, तो उसका विस्तार अपने-आप और तेज़ हो सकता है.UNEP के कोपेनहेगन जलवायु केन्द्र की निदेशक ऐन ओलहॉफ़ कहती हैं, “लम्बे समय से हमारी अर्थव्यवस्थाएँ और समाज जीवाश्म ईंधनों पर निर्भर रहे हैं.” “लेकिन अब हम ऐसे मोड़ पर पहुँच रहे हैं, जहाँ कम से कम कुछ क्षेत्रों में, कोयला, तेल और गैस की मज़बूत पकड़ से बाहर निकलना सम्भव दिखाई दे रहा है.”नई UNEP रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु कार्रवाई के लिए ये पाँच क्षेत्र विशेष रूप से अहम हैं. © UNOPS यमन के सायून में, महत्वपूर्ण जल ढाँचा सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है. 1. नवीकरणीय ऊर्जा - सबसे सस्ता विकल्पपिछले एक दशक में नवीकरणीय ऊर्जा की लागत बहुत कम हुई है. दुनिया के अधिकतर हिस्सों में अब सौर ऊर्जा संयंत्र लगाना, नया कोयला या गैस संयंत्र बनाने से सस्ता हो गया है. इसी वजह से नवीकरणीय ऊर्जा, वैश्विक ऊर्जा निवेश का सबसे बड़ा क्षेत्र बन गई है. अन्तरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2024 में इसमें लगभग 450 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश हुआ.वर्ष 2020 से, दुनिया भर में जो नई बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ी गई है, उसमें से 75 प्रतिशत से अधिक नवीकरणीय स्रोतों से आई है. सौर और पवन ऊर्जा, इतिहास की किसी भी अन्य ऊर्जा तकनीक की तुलना में तेज़ी से बढ़ रही हैं. कुछ देशों में अब बिजली का बड़ा हिस्सा इन्हीं स्रोतों से पैदा हो रहा है.बिजली क्षेत्र, वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लगभग एक-तिहाई हिस्से के लिए ज़िम्मेदार है. लेकिन नवीकरणीय ऊर्जा का तेज़ विस्तार, बैटरी भंडारण की बढ़ती क्षमता के साथ मिलकर, पूरी ऊर्जा प्रणालियों को बदल रहा है. लागत घट रही है, निवेश बढ़ रहा है और राजनैतिक समर्थन भी मज़बूत हो रहा है. UN News भारत के गुजरात प्रदेश में, मोढेरा सूर्य मन्दिर में इलैक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों के साथ 50 KW सोलर पार्किंग संरचना. 2. बिजली चालित वाहनवर्ष 2025 में, दुनिया भर में बिकने वाली नई कारों में बिजली चालित वाहनों की हिस्सेदारी एक-चौथाई से अधिक हो गई, जबकि 2019 में यह 3 प्रतिशत से भी कम थी. यह बदलाव बैटरी की घटती लागत, चार्जिंग ढाँचे के विस्तार और मज़बूत नीतियों के कारण तेज़ हुआ है.नॉर्वे में अब नई कारों की बिक्री में लगभग सभी वाहन बिजली चालित हैं. चीन ने बहुत तेज़ी से निर्माण क्षमता बढ़ाई है, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृँखला को बल मिला है. विकासशील देशों में इथियोपिया आगे है, जहाँ नई कारों की बिक्री में विद्युत वाहनों की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है. वियतनाम और उरुग्वे जैसे देशों में भी तेज़ वृद्धि देखी जा रही है, जो कई विकसित अर्थव्यवस्थाओं से भी अधिक तेज़ है.विद्युत बसें, आपूर्ति या मालवाहक वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहन भी तेज़ी से बढ़ रहे हैं, विशेषकर निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में, जहाँ ये रोज़मर्रा की आवाजाही का अहम हिस्सा हैं.उत्सर्जन कम करने के अलावा, इनके कई और लाभ हैं - स्वच्छ हवा, ईंधन ख़र्च में कमी, तेल और गैस पर निर्भरता कम होना, तथा नवीकरणीय बिजली प्रणालियों के साथ बेहतर तालमेल. © UNEP India यूनेप के नेतृत्व वाले 'कूल कोएलिशन' और तमिलनाडु राज्य सरकार ने साथ मिलकर चेन्नई में, किफ़ायती आवासीय परियोजना में छतों को ठंडा रखने के उपाय विकसित किए हैं. 3. बेहतर इमारतें, वातानुकूलन की ज़रूरत कम कर सकती हैंभीषण गर्मी जलवायु संकट के सबसे गम्भीर ख़तरों में से एक बनती जा रही है, ख़ासतौर पर शहरों में. शहरों का तापमान आसपास के क्षेत्रों की तुलना में 5°C से 10°C तक अधिक हो सकता है, और इसका सबसे अधिक असर कम आय वाले समुदायों पर पड़ता है.इससे निपटने का एक प्रभावी तरीक़ा है - इमारतों और शहरी स्थानों को बेहतर ढंग से आकार देना.“पहले निष्क्रिय शीतलन” का तरीक़ा, छाया, हवा के बेहतर प्रवाह, ताप-रोधन और परावर्तक सामग्री जैसे उपायों पर आधारित है. इनसे बिना मशीनों के भी इमारतों के भीतर का तापमान काफ़ी कम किया जा सकता है.कम लागत के कारण, इन उपायों को अलग-अलग आर्थिक परिस्थितियों में आसानी से अपनाया जा सकता है.कुछ जलवायु परिस्थितियों में, ये उपाय इमारतों के भीतर का तापमान 6°C से 9°C तक कम कर सकते हैं. इससे वातानुकूलन की ज़रूरत कम हो सकती है, या कुछ मामलों में ख़त्म भी हो सकती है.बड़े स्तर पर, यदि निष्क्रिय शीतलन उपायों को पार्कों और हरित छतों जैसे शहरी हरित क्षेत्रों के साथ अपनाया जाए, तो शहरों के उत्सर्जन में 25 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है. इससे वायु गुणवत्ता, जैवविविधता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है.आज लगभग 3 अरब लोगों के पास पर्याप्त शीतलन सुविधा नहीं है. इसलिए इन उपायों को बड़े पैमाने पर अपनाना, उत्सर्जन घटाने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य और जलवायु सहनसक्षमता के लिए भी ज़रूरी है.यदि इन्हें भवन नियमों और शहरी नियोजन में शामिल किया जाए, तो इनका उपयोग तेज़ी से बढ़ सकता है. इससे ऊर्जा की माँग कम होगी और तापलहरों के दौरान बिजली प्रणालियों पर दबाव भी घटेगा. © CCAFS/Prashanth Vishwanathan भारत के हरयाणा राज्य के जगाधरी शहर में एक किसान परिवार, सौर ऊर्जा से संचालित जल पम्प का इस्तेमाल कर रहे हैं. 4. ऊष्मा पम्प इमारतों को गर्म और ठंडा रखने का तरीक़ा बदल रहे हैंइमारतें वैश्विक उत्सर्जन के लगभग 21 प्रतिशत हिस्से के लिए ज़िम्मेदार हैं. इसका बड़ा भाग इमारतों को गर्म और ठंडा रखने से जुड़ा है.ऊष्मा पम्प एक अधिक ऊर्जा-कुशल विकल्प हैं. ये इमारतों को गर्म भी रख सकते हैं और ठंडा भी, और पारम्परिक प्रणालियों की तुलना में काफ़ी कम ऊर्जा इस्तेमाल करते हैं. उत्पादन बढ़ने के साथ ये अधिक किफ़ायती भी साबित हो रहे हैं.सहायक नीतियों के कारण उत्तरी योरोप के कुछ हिस्सों में इनका उपयोग पहले से ही व्यापक है. दुनिया के अन्य क्षेत्रों में भी सरकारें उपकरणों की ऊर्जा दक्षता से जुड़े मानकों को मज़बूत कर रही हैं, ताकि यह बदलाव तेज़ हो सके.यह बदलाव अफ़्रीका, एशिया और मध्य पूर्व के तेज़ी से शहरीकरण कर रहे क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जहाँ शीतलन की माँग तेज़ी से बढ़ने की सम्भावना है. इससे बिजली की खपत में बड़ा उछाल आ सकता है. ऐसे में ऊष्मा पम्प जैसी तकनीकों को समय रहते अपनाना, उत्सर्जन और ऊर्जा लागत - दोनों को नियंत्रित करने के लिए अहम होगा. © Unsplash/Simon Peel खाद्य हानि और भोजन की बर्बादी, जलवायु और पर्यावरणीय का भी एक बड़ा ख़तरा हैं. 5. भोजन की बर्बादी कम करना, जलवायु कार्रवाई का कारगर उपायखाद्य प्रणालियाँ वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से के लिए ज़िम्मेदार हैं. इसके बावजूद, दुनिया भर में उत्पादित लगभग एक-तिहाई भोजन बर्बाद हो जाता है, जिससे कुल उत्सर्जन में 10 प्रतिशत तक योगदान होता है.भोजन की बर्बादी कम करना, उत्सर्जन घटाने, खाद्य सुरक्षा बेहतर करने और भूमि व जल संसाधनों को बचाने का एक बड़ा अवसर है.शहर इस बदलाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं. वे दुनिया की लगभग 70 प्रतिशत खाद्य आपूर्ति की खपत करते हैं और उन पर कचरा कम करने व उसका बेहतर प्रबन्धन करने का दबाव बढ़ रहा है.कई शहर पहले से समाधान आज़मा रहे हैं - बैंकॉक में भोजन की बर्बादी कम करने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन, रियो डी जेनेरियो में जागरूकता अभियान, और योकोहामा के “सतत विकास लक्ष्य लॉकर”, जिनके ज़रिए अतिरिक्त भोजन ज़रूरतमन्दों तक पहुँचाया जाता है.बेहतर खाद्य जागरूकता, मज़बूत निगरानी प्रणालियों और अतिरिक्त भोजन को लोगों तक पहुँचाने वाली तकनीकों के साथ, ये पहलें भोजन की बर्बादी कम करने और खाद्य प्रणालियों को अधिक टिकाऊ बनाने में मदद कर सकती हैं.यह लेख पहले यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement