-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत: जब देखभाल पहुँची नज़दीक, तो बढ़ा भरोसा

Source: UN News: शुक्रवार, 15 मई 2026 00:01 AM (IST)
भारत: जब देखभाल पहुँची नज़दीक, तो बढ़ा भरोसा
भारत में सफ़ाई मित्र, शहरों को स्वच्छ रखने के लिए हर दिन कचरा इकट्ठा करने, छाँटने और री-सायकिल करने का कठिन काम करते हैं. लेकिन इस ज़रूरी सेवा के पीछे अनगिनत चुनौतियाँ भी छिपी हैं - असुरक्षित कामकाजी हालात, स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुँच, सामाजिक उपेक्षा और मानसिक तनाव. हर दिन सफ़ाई मित्र जोखिम भरे माहौल में काम करते हैं. नुकीली वस्तुएँ, भारी बोझ और हानिकारक पदार्थों के सम्पर्क में आना अक्सर उनके काम का हिस्सा होता है. वे इन शारीरिक ख़तरों के साथ-साथ तनाव, अनिश्चितता और भेदभाव जैसी अदृश्य चुनौतियों का भी सामना करते हैं.वे सड़कों, अनियमित कचरा स्थलों और घरों से कचरा इकट्ठा करने, छाँटने और री-सायकिल करने में अहम भूमिका निभाते हैं. लेकिन कई सफ़ाई मित्र अब भी उन सुरक्षा व्यवस्थाओं से बाहर हैं, जो औपचारिक कामगारों को मिलती हैं. उनके पास अक्सर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, सुरक्षित कामकाजी हालात या आवश्यक सेवाओं तक आसान पहुँच नहीं होती.इस वर्ष की थीम, “आइए, एक स्वस्थ मनोसामाजिक कामकाजी वातावरण सुनिश्चित करें,” इस बात पर ज़ोर देती है कि कामगारों की सुरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए. इसमें मानसिक स्वास्थ्य, गरिमा और समावेशन भी शामिल होने चाहिए. © UNDP India/Srishti Bhardwaj गाज़ियाबाद में फ़िनिश सोसाइटी से जुड़ी सफ़ाई मित्र सोनम कहती हैं कि वह मुस्कान के साथ लौट रही हैं, इस भरोसे के साथ कि उनके स्वास्थ्य को गम्भीरता से लिया जा रहा है. भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ‘नमस्ते योजना’ और कोका-कोला फ़ाउंडेशन से समर्थन प्राप्त, भारत में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की उत्थान पहल, सफ़ाई मित्रों तक स्वास्थ्य सेवाएँ, सुरक्षा उपकरण और सामाजिक सुरक्षा पहुँचाने में मदद कर रही हैं.ये सेवाएँ, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पुणे में 30 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से, समुदायों के और नज़दीक पहुँचाई गई हैं.FINISH सोसाइटी और शिक्षा, शासन और नीति फ़ाउंडेशन के साथ साझेदारी में अब तक 2,900 से अधिक सफ़ाई मित्रों तक पहुँच बनाई गई है. © UNDP India/Srishti Bhardwaj उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में फ़िनिश सोसाइटी से जुड़ी सफ़ाई मित्र विनीता कहती हैं कि सही दस्तावेज़ों और सहयोग के साथ, उन्हें अपने स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर उम्मीद महसूस होती है. ज़रूरी बातचीतउत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद ज़िले के इन्दिरापुरम में एक सफ़ाई मित्र सोनम, एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के साथ परामर्श कर रही हैं. उनके लिए यह सिर्फ़ सामान्य जाँच नहीं, बल्कि भरोसा दिलाने वाला अनुभव है - जहाँ उनकी बात सुनी गई, उनकी परेशानी समझी गई और उन्हें सही देखभाल मिली.सफ़ाई मित्र सोनम कहती हैं, “मैं यहाँ चिन्ता से भरी आई थी, लेकिन अब मुस्कान के साथ लौट रही हूँ, क्योंकि मुझे लगता है कि मेरे स्वास्थ्य को गम्भीरता से लिया जा रहा है.”पहुँच से सशक्तिकरणइन्दिरापुरम में ही, अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग के बाहर विनीता अपना पर्चा सम्भाले खड़ी हैं. यह पर्चा भले ही छोटा हो, लेकिन उनके लिए यह अपने स्वास्थ्य को लेकर स्पष्टता, भरोसा और उम्मीद लेकर आया है.सफ़ाई मित्र विनीता कहती हैं, “सही दस्तावेज़ों और सहयोग के साथ, मुझे अपने स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर उम्मीद महसूस हो रही है.” © UNDP India/Srishti Bhardwaj महाराष्ट्र के पुणे में CEGP से जुड़े सफ़ाई मित्र संदीप कदम कहते हैं कि घर-द्वार पर मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं से उन्हें काम छोड़े बिना अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने में मदद मिलती है. स्वास्थ्य सेवा अब दरवाज़े तकमहाराष्ट्र के पुणे में स्वास्थ्य सेवाएँ उन कामगारों तक पहुँच रही हैं, जिन्हें उनकी सबसे अधिक ज़रूरत है. उत्थान पहल के तहत एक सचल चिकित्सा इकाई सीधे समुदायों में जाकर सेवाएँ दे रही है, ताकि सफ़ाई मित्रों को इलाज के लिए अपना काम नहीं रोकना पड़े.संदीप कदम के लिए यह बड़ा बदलाव है.सफ़ाई मित्र संदीप कदम कहते हैं, “अब मुझे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए काम नहीं छोड़ना पड़ता. जब स्वास्थ्य सेवा हमारे दरवाज़े तक आती है, तो समय बचता है और मैं अपना काम जारी रखते हुए अपनी सेहत का बेहतर ध्यान रख पाता हूँ.”सुरक्षा पर ध्यान पुणे के एक अन्य हिस्से में, लक्ष्मी गायकवाड़ अपने समुदाय में ही स्वास्थ्य जाँच के लिए पहुँचीं. उनके लिए यह सेवा केवल इलाज या जाँच नहीं, बल्कि सुरक्षा, सहयोग और आत्मविश्वास का अहसास भी है.सफ़ाई मित्र लक्ष्मी गायकवाड़ कहती हैं, “यह जाँच मुझे अधिक आत्मविश्वास के साथ काम करने में मदद करती है. अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने से हम अपना काम बेहतर ढंग से कर पाते हैं.” © UNDP India/Srishti Bhardwaj महाराष्ट्र के पुणे में CEGP से जुड़ी सफ़ाई मित्र लक्ष्मी गायकवाड़ कहती हैं कि नियमित स्वास्थ्य जाँच से उन्हें अधिक आत्मविश्वास के साथ काम करने और अपना काम बेहतर ढंग से करने में मदद मिलती है. पूरी तस्वीर हर तस्वीर के पीछे एक साझा सच्चाई है. सफ़ाई मित्र केवल शारीरिक जोखिमों का सामना नहीं करते, बल्कि सामाजिक कलंक, भेदभाव और मानसिक तनाव से भी जूझते हैं. उनके योगदान को पहचानने का मतलब है, उनकी परिस्थितियों को पूरी तरह समझना और देखभाल, सम्मान व ठोस सहयोग के साथ जवाब देना.कामकाजी सुरक्षा और स्वास्थ्य केवल चोट से बचाव तक सीमित नहीं होने चाहिए. इनमें मानसिक स्वास्थ्य, गरिमा और सामाजिक समावेशन भी शामिल होना चाहिए, विशेषकर उन कामगारों के लिए जो जोखिम भरे व हाशिए पर स्थित माहौल में काम करते हैं.जब सफ़ाई मित्रों को स्वास्थ्य सेवाएँ, सुरक्षित कामकाजी परिस्थितियाँ और सामाजिक सुरक्षा मिलती है, तो इससे केवल उनकी सेहत ही बेहतर नहीं होती, बल्कि उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, गरिमा मज़बूत होती है और समाज से जुड़ाव भी गहरा होता है.उनके कल्याण में निवेश केवल सुरक्षा का सवाल नहीं है. यह समानता, सशक्तिकरण और यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि सफ़ाई मित्रों को भी देखभाल मिले, उनकी बात सुनी जाए, उन्हें सहयोग दिया जाए तथा सम्मान के साथ उन्हें शामिल रखा जाए.यह लेख पहले यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement