-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मध्य पूर्व संकट से सीरिया में नाज़ुक प्रगति के लिए जोखिम, सुरक्षा परिषद में चर्चा

Source: UN News: शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 00:00 AM (IST)
मध्य पूर्व संकट से सीरिया में नाज़ुक प्रगति के लिए जोखिम, सुरक्षा परिषद में चर्चा
सीरिया के लिए यूएन के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि विशाल चुनौतियों से जूझते हुए, देश स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, मगर आर्थिक, संस्थागत व सामाजिक दबावों व असुरक्षा से राजनैतिक परिवर्तन की प्रक्रिया जटिलताओं से भरी है. सीरिया के लिए यूएन महासचिव के विशेष उप दूत क्लॉडियो कॉरडोन ने बुधवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में बताया कि मध्य पूर्व क्षेत्र में भड़के संकटों की आंच में सीरिया को बचाए रखने में सफलता मिली है.हालांकि, उनके अनुसार सीरिया की सम्प्रभुता का बार-बार उल्लंघन हुआ है. इसराइली सैन्य गतिविधियों से दक्षिणी सीरिया में वर्तमान समझौतों व अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का कथित तौर पर उल्लंघन हो रहा है. 19 मार्च को, जुलाई 2025 के बाद पहली बार हवाई हमले में सीरिया के सैन्य बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया गया.विशेष उप दूत क्लॉडियो कॉरडोन ने कहा कि इसराइली सैन्य बल, लगभग हर दिन, सीरियाई क्षेत्र में सीमा पार करके धावा बोल रहे हैं. 29 मार्च को, दक्षिणी लेबनान में हिज़बुल्लाह के विरुद्ध कार्रवाई, जबाल अल-शेख़ नामक सीरियाई क्षेत्र से ही शुरू की गई थी.इसके अलावा, इसराइली सेना द्वारा चौकियाँ खड़ी किए जाने और सीरियाई नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की भी घटनाएँ हुई हैं. यूएन के वरिष्ठ अधिकारी ने इसराइल से सम्प्रभुता का सम्मान करने, उल्लंघन मामलों को रोकने और हिरासत में रखे गए सभी सीरियाई नागरिकों को वापिस लौटाने का आग्रह किया है.“मुझे आशा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका के सौजन्य से, इसराइल व सीरिया के बीच बातचीत के ज़रिए, टिकाऊ सुरक्षा व्यवस्था का मार्ग तैयार हो सकता है.”उन्होंने सचेत किया कि देश में आर्थिक व सामाजिक चुनौतियों और असुरक्षा से निपटने के लिए संस्थाओं को मज़बूती, सामाजिक शान्ति को बढ़ावा और अन्तरराष्ट्रीय आर्थिक व राजनय व्यवस्था से सीरिया को जोड़ा जाना महत्वपूर्ण होगा. नाजुक हालात में धीमी प्रगतियूएन मानवतावादी कार्यालय के प्रमुख टॉम फ़्लैचर ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने सीरिया की यात्रा की थी, जहाँ उन्होंने महसूस किया कि स्थिति बेहतर हो रही है.“लाखों लोग घर लौट रहे हैं. बाज़ार बढ़ रहे हैं. पहले से कहीं अधिक प्रकाश की व्यवस्था है. मानवीय सहायता व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन कारगर नज़र आ रहा है.”उन्होंने कहा कि सीरियाई सरकार, अति-आवश्यक सेवाओं की बहाली व बेहतर परिस्थितियों को तैयार करने में जुटी है, ताकि शिविरों में रह रहे सीरियाई नागरिक अपने घर वापसी कर सकें. मानवीय सहायता एजेंसियाँ, हर महीने, अपने घर लौटने वाले 2 लाख से अधिक लोगों को भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और जल मुहैया करा रही हैं.आपात राहत समन्वयक ने बताया कि इस महीने, 17 जीवनरक्षक परियोजनाओं के लिए अमेरिकी सरकार के वित्तीय समर्थन से 14 करोड़ डॉलर से अधिक की धनराशि आवंटित की गई है. मगर, मध्य पूर्व में भड़के संकट से सीरिया पर दबाव गहरा रहा है. 19 अप्रैल तक, लेबनान से 3 लाख लोगों ने सीमा पार करके सीरिया में शरण ली है, जिनमें अधिकाँश सीरियाई नागरिक हैं. यह आँकड़ा, उन 16 लाख सीरियाई शरणार्थियों से अलग है, जो वर्ष 2024 के अन्त से अपने देश वापसी कर चुके हैं. अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने कहा कि एक ऐसे समय में जब 1.3 करोड़ लोगों को भोजन, 1.2 करोड़ को स्वच्छ जल और 1.3 करोड़ नागरिकों को स्वास्थ्य देखभाल की आवश्यकता है, कुल ज़रूरी सहायता धनराशि में केवल 42 प्रतिशत का ही प्रबन्ध हो पाया है. उन्होंने कहा कि 2.9 अरब डॉलर की धनराशि आवश्यक है, लेकिन अस्पतालों में सेवाओं को जारी रखने और अगले 6 महीनों में परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए 1.5 अरब डॉलर को प्राथमिकता दी गई है. अब तक दर्ज हुई प्रगति की दिशा पलटने से रोकने के लिए यह रक़म ज़रूरी है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement