-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:56 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

होंडुरस: भारत-यूएन समर्थन से स्वच्छ जल व स्वच्छता साधनों तक बढ़ी पहुँच

Source: UN News: मंगलवार, 07 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
होंडुरस: भारत-यूएन समर्थन से स्वच्छ जल व स्वच्छता साधनों तक बढ़ी पहुँच
होंडुरस में, भारत-यूएन विकास साझेदारी कोष के समर्थन से संचालित एक संयुक्त राष्ट्र कार्यक्रम के ज़रिये, एक दूरस्थ व दुर्गम इलाक़े में, सुरक्षित पानी, स्वच्छता और साफ़-सफ़ाई सेवाओं तक पहुँच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही, यह कार्यक्रम बेहतर स्वास्थ्यप्रद व्यवहारों और मज़बूत सामुदायिक भागेदारी को भी बढ़ावा दे रहा है. होंडुरास के पूर्वोत्तर में स्थित ग्रासियास आ दियोस (Gracias a Dios) प्रान्त, देश के सबसे दूरस्थ और दुर्गम इलाक़ों में गिना जाता है. यहाँ केवल हवाई मार्ग या स्थानीय नौकाओं से ही पहुँचा जा सकता है, इसलिए इस क्षेत्र के मिस्कीतो समुदाय के लोग लम्बे समय से बुनियादी सेवाओं से वंचित रहे हैं.जल, स्वच्छता और साफ़-सफ़ाई सेवाओं तक पहुँच में भारी कमी है. ग्रासियास आ दियोस में केवल 18.5 प्रतिशत परिवारों को बुनियादी जल, स्वच्छता और साफ़-सफ़ाई सेवाएँ उपलब्ध हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 67.4 प्रतिशत है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, असुरक्षित पानी और ख़राब स्वच्छता से सीधे जुड़ी जलजनित बीमारी डायरिया, पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में तीसरे स्थान पर है.नई पहलभारत-यूएन विकास साझेदारी कोष के समर्थन से, होंडुरस में संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) और उसके साझीदार संगठन, इस स्थिति को बदलने के प्रयास कर रहे हैं. इस पहल के तहत सुरक्षित और जलवायु-अनुकूल जल, स्वच्छता एवं साफ़-सफ़ाई सेवाओं पर केन्द्रित एक दो-वर्षीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है.यह पहल करातास्का लैगून के आसपास की आठ बस्तियों पर केन्द्रित है, जहाँ अभाव की स्थिति विशेष रूप से गम्भीर है. इनमें याहुराबिला, प्रूहनितारा, पुसवाया, क्राता, उही और औराता शामिल हैं. ये समुदाय मीठे पानी की लैगून और कैरीबियाई सागर के बीच स्थित ज़मीन की एक संकरी पट्टी पर बसे हैं, जहाँ केवल नाव या पारम्परिक कायुको के ज़रिये ही पहुँचा जा सकता है. समुद्र के क़रीब होने के कारण भूमिगत जल के कुएँ अक्सर दूषित हो जाते हैं, और पीने तथा घरेलू उपयोग के लिए पानी का शोधन अब भी आम प्रथा नहीं है.इस कार्यक्रम का उद्देश्य 15 हज़ार लोगों तक जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जल, स्वच्छता व साफ़-सफ़ाई व्यवहारों को बढ़ावा देना है, जिसमें मासिक धर्म स्वच्छता भी शामिल है. इनमें 10 हज़ार लोगों को बेहतर सुविधाओं और स्थानीय जल गुणवत्ता निगरानी में सहयोग का भी लाभ मिलने की उम्मीद है.सितम्बर 2025 तक तीन हज़ार लोगों तक सुरक्षित जल, स्वच्छता और साफ़-सफ़ाई व्यवहारों की जानकारी पहुँचाई जा चुकी थी. प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवकों द्वारा नियमित घरेलू दौरों के दौरान व्यवहार में सकारात्मक बदलाव भी देखे गए हैं. © UNICEF Honduras/Fernando Herrera, June 2025 सामुदायिक भागेदारीइस पहल का एक अहम आधार सामुदायिक भागेदारी है. अब तक माताओं, पिता और देखभाल करने वाले लोगों सहित, 185 सामुदायिक स्वयंसेवकों को ऐसे व्यावहारिक उपायों का प्रशिक्षण दिया गया है जिन्हें वे अपने घरों में अपना सकते हैं. इनमें सुरक्षित जल शोधन, व्यक्तिगत साफ़-सफ़ाई और दैनिक ज़रूरी चीज़ें तैयार करना शामिल है. हाथ से साबुन बनाना भी सिखाए गए कौशलों में से एक था.क्राता में आयोजित एक कार्यशाला में भाग लेने वाली एक बुज़ुर्ग महिला का कहना था, “मैंने अपने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि मैं घर पर साबुन बना सकती हूँ.”यह कार्यक्रम मासिक धर्म स्वच्छता के मुद्दे को भी हल करने की कोशिश करता है, जो इस क्षेत्र में अब भी बड़े पैमाने पर वर्जित विषय माना जाता है. स्वयंसेवकों को घर में आसानी से उपलब्ध सामग्रियों से पुनः उपयोग किए जा सकने वाले सैनिटरी पैड बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है. इससे उन समुदायों में कम लागत वाला और गरिमापूर्ण विकल्प उपलब्ध हो रहा है, जहाँ बाज़ार में मिलने वाले उत्पाद महंगे हैं और आसानी से नहीं मिल पाते हैं.सामाजिक बदलाव के संकेत अब दिखाई देने लगे हैं. क्राता में आयोजित कार्यशाला में समुदाय के एक पुरुष सदस्य ने भी भाग लिया. उन्होंने गर्व से सैनिटरी पैड सिलते हुए अपनी फोटो खिंचवाईं, जो इस बात का संकेत है कि लोगों की सोच में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है. चूँकि ये सैनिटरी पैड लड़कियाँ और महिलाएँ ख़ुद बनाती हैं, इसलिए वे इन्हें इस्तेमाल करने में सहज और सुरक्षित महसूस करती हैं..किफ़ायती उपायलक्षित समुदायों में जल, स्वच्छता और साफ़-सफ़ाई सुविधाओं को कम लागत वाले और टिकाऊ उपायों के ज़रिये बेहतर बनाया जा रहा है. ये समाधान एक स्थानीय तकनीकी समिति के साथ मिलकर तैयार किए गए हैं, जिनमें शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय, नगरपालिका और स्वदेशी क्षेत्रीय परिषदों के प्रतिनिधि शामिल हैं.स्वास्थ्य तकनीशियनों को भी जल शोधन, संक्रमण से बचने और जल गुणवत्ता की निगरानी का प्रशिक्षण दिया गया है. यह काम एक सहभागी कार्ययोजना के तहत किया जा रहा है, जो स्थानीय चुनौतियों और उनके समाधान के साझा आकलन पर आधारित है.भारत और होंडुरस स्थित यूनीसेफ़ कार्यालयों के बीच दक्षिण-दक्षिण सहयोग के तहत हुए आदान-प्रदान ने भी, स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपायों की पहचान करने में मदद की है. सामुदायिक स्तर पर कम लागत वाले जल शोधन और स्वयंसेवकों के ज़रिये व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने वाले जल, स्वच्छता व साफ़-सफ़ाई कार्यक्रमों में, भारत के अनुभव को ला मोस्कितिया क्षेत्र की वास्तविकताओं के अनुरूप ढाला गया है.वैसे तो ग्रासियास आ दियोस में कठिन परिचालन परिस्थितियों और सीमित पहुँच के कारण बड़ी चुनौतियाँ अब भी बनी हुई हैं मगर यह कार्यक्रम स्थानीय क्षमताओं को मज़बूत करने, रणनैतिक साझेदारियाँ विकसित करने और संचालन व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद कर रहा है. इससे होंडुरस के सबसे वंचित बच्चों के समर्थन में इस कार्यक्रम के व्यापक विस्तार की नींव रखी जा रही है.इस पहल को भारत-यूएन विकास साझेदारी कोष का समर्थन प्राप्त है, जिसका प्रबन्धन संयुक्त राष्ट्र दक्षिण-दक्षिण सहयोग कार्यालय करता है. यह पहल स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, स्वच्छ पानी एवं स्वच्छता, असमानताओं में कमी और साझेदारियों से जुड़े सतत विकास लक्ष्यों में भी योगदान देती है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement