-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत: जलवायु कार्रवाई की सामुदायिक चैम्पियन, ओडिशा की रेहाना ख़ातून

Source: UN News: शुक्रवार, 13 मार्च 2026 00:00 AM (IST)
भारत: जलवायु कार्रवाई की सामुदायिक चैम्पियन, ओडिशा की रेहाना ख़ातून
भारत के ओडिशा राज्य के तटीय क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय रेहाना ख़ातून अपने समुदाय में जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही हैं. रीढ़ की हड्डी से जुड़ी बीमारी के साथ अपना जीवन गुज़ार रही रेहाना, किसानों को जलवायु-अनुकूल खेती अपनाने में मदद कर रही हैं और साथ ही लैंगिक भेदभाव व विकलांगता से जुड़े रूढ़िवादी विचारों को चुनौती दे रही हैं. संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की एक परियोजना के तहत वह अपने क्षेत्र में सामुदायिक ‘जलवायु चैम्पियन’ के रूप में जानी जाती हैं. पूर्वी भारत में ओडिशा राज्य के बालासोर ज़िले में कुंभिरगड़ी गाँव में अक्सर रेहाना को अपनी साइकिल पर गाँव-गाँव जाते हुए देखा जा सकता है. सलवार-कमीज़ पहने, बालों में छोटा सा जूड़ा और गले में लटका पहचान पत्र - अब यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए आम हो चुका है.उनका पहचान पत्र, सिर्फ़ एक पहचान नहीं, बल्कि उनकी नई स्वतंत्रता और सम्मान की कहानी भी है. गाँव में लोग अब उन्हें प्यार से “ECRICC दीदी” कहकर बुलाते हैं, जोकि एक परियोजना का नाम है.रेहाना अपने माता-पिता, भाई और भाभी के साथ रहती हैं. बचपन से ही वह मायेलाइटिस नामक एक बीमारी से जूझ रही हैं, जिसमें रीढ़ की हड्डी में सूजन आ जाती है. डॉक्टरों ने सर्जरी को जोखिम भरा बताया था, क्योंकि इससे पक्षाघात का ख़तरा था.कॉलेज से स्नातक होने के बाद सीमित गतिशीलता और अवसरों की कमी के कारण उनका अधिकाँश समय घर के कामकाज और कभी-कभार सिलाई के काम में बीतता था.रेहाना याद करती हैं, “यह सब बस जीवन को किसी तरह चलाए रखने के लिए था. किसी भी दिन कोई उत्साह या प्रेरणा नहीं होती थी. भविष्य एक लम्बी, सीधी सड़क जैसा लगता था, जिसका कोई लक्ष्य नहीं था.”उनके पिता एसके जमसेद एक शिक्षक हैं. वो बताते हैं कि परिवार उनकी चिन्ता महसूस कर सकता था.“हमने अपनी बेटी को सामान्य बचपन देने की कोशिश की. लेकिन हमें लगता था कि वह अन्दर से ख़ुश नहीं है. वह शिकायत नहीं करती थी, लेकिन हमें उसकी चिन्ता लगी रहती थी.”एक नया अवसर © UNDP India/Tazeen Qureshy ‘ECRICC दीदी’ के नाम से जानी जाने वाली रेहाना ने 200 से अधिक लोगों को जलवायु-सहनसक्षम आजीविका अपनाने में मदद की है. मई 2023 में रेहाना के जीवन में एक महत्वपूर्ण बदलाव आया, जब उन्हें भारत के तटीय समुदायों की जलवायु सहनसक्षमता को मज़बूती देने पर केन्द्रित परियोजना (ECRICC) से जुड़ने का अवसर मिला.यह पहल हरित जलवायु कोष (GCF), भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, ओडिशा सरकार, तथा संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के सहयोग से लागू की जा रही है. इसका उद्देश्य तटीय समुदायों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति सहनसक्षम बनाना है.परियोजना के तहत समुदायों में स्थानीय ‘जलवायु चैम्पियन’ चुने जाते हैं, जो लोगों तक जानकारी और समाधान पहुँचाने में मदद करते हैं. इस परियोजना के ज़मीनी कार्यों का समन्वय करने वाली बालासोर सामाजिक सेवा संस्था ने रेहाना की क्षमता को पहचाना.बालासोर ज़िले की ज़िला समन्वय सहयोगी हरिप्रिया चंद कहती हैं, “रेहाना एक सच्ची योद्धा हैं. हमारे काम में लोगों के बीच जाकर उन्हें समझाना पड़ता है. कई बार लोग बदलाव के लिए तैयार नहीं होते. लेकिन रेहाना में वह जज़्बा है. उन्हें उनकी स्थिति के कारण नहीं, बल्कि उनकी क्षमता के कारण चुना गया.”रूढ़िवादी धारणाओं को चुनौतीहालाँकि उनकी राह आसान नहीं थी. शुरुआत में कुछ लोगों को सन्देह था कि एक युवा महिला - वह भी शारीरिक चुनौतियों के साथ - खेतों में जाकर किसानों के साथ काम कर पाएगी या नहीं.रेहाना कहती हैं, “सवाल उठे, लेकिन मैंने जवाब देने के बजाय अपना काम जारी रखा.”कई बार किसान जलवायु-अनुकूल खेती के तरीक़ों के बारे में सुनने को तैयार नहीं होते थे. लेकिन रेहाना ने धैर्य नहीं खोया. वह बार-बार समझातीं और ज़रूरत पड़ने पर परियोजना से जुड़े संगठनों से मदद लेतीं.प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और अध्ययन यात्राओं के माध्यम से उन्होंने जलवायु परिवर्तन और जलवायु-सहनसक्षम आजीविका के बारे में अपनी समझ को मज़बूत किया.आज वह किसानों को धान उत्पादन की सघनता बढ़ाने की पद्धति (SRI), मिट्टी के केकड़ों (mud crabs) की खेती और सजावटी मछली पालन (ornamental fisheries) जैसे विकल्पों के बारे में बताती हैं. इसके अलावा वह किसानों को बकरी और मुर्ग़ी पालन शुरू करने में मदद करती हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं से भी जोड़ती हैं.रेहाना गर्व से कहती हैं, “अब तक मैं विभिन्न गतिविधियों के ज़रिए 200 से अधिक लोगों तक पहुँच चुकी हूँ. इसके अलावा मैं स्कूलों, युवाओं और गाँव के लोगों के बीच जलवायु परिवर्तन के बारे में जागरूकता भी फैलाती हूँ.”सम्मान और आत्मविश्वासआज कुंभिरगड़ी और आसपास के गाँवों में रेहाना की पहचान बदल चुकी है. अब वह सिर्फ़ रेहाना नहीं, बल्कि परियोजना के नाम पर ‘ECRICC दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं. उनकी सामाजिक स्थिति भी बदली है और उन्हें समुदाय, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य साझेदारों से सराहना मिल रही है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह अब आर्थिक रूप से भी स्वतंत्र हैं.रेहाना मुस्कुराते हुए कहती हैं, “पहले अपनी छोटी-छोटी ज़रूरतों के लिए भी मुझे परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था. अब जलवायु चैम्पियन के रूप में मिलने वाली धनराशि से, मैं अपने परिवार के लिए भी चीज़ें ख़रीद पाती हूँ. इससे जो ख़ुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयाँ नहीं किया जा सकता.”अपने सफ़र को याद करते हुए वो कहती हैं, “लोगों ने कहा था कि मैं यह नहीं कर सकती. क्योंकि मैं एक महिला हूँ और विकलांग भी हूँ. मुझे गर्व है कि मैंने बाधाओं को पार किया है. आज मैं लोगों के दिलों में जी रही हूँ. मैं सम्मान के साथ जी रही हूँ.”इस लेख का विस्तृत रूप पहले यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement