-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़': जहाज़ों की ठप होती आवाजाही, ईंधन व खाद्य क़ीमतों में उछाल

Source: UN News: गुरुवार, 12 मार्च 2026 00:00 AM (IST)
'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़': जहाज़ों की ठप होती आवाजाही, ईंधन व खाद्य क़ीमतों में उछाल
ईरान पर इसराइली और अमेरिकी हवाई हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से मध्य पूर्व में भड़के भीषण टकराव ने इस क्षेत्र के अनेक देशों को अपनी चपेट में ले लिया है. ईंधन, उर्वरक और अन्य सामान की आपूर्ति के लिए अहम ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ जलमार्ग पर व्याप्त असुरक्षा की वजह से जहाज़ों की आवाजाही थम गई है, जिससे दुनिया के अनेक हिस्सों में तेल, गैस व अन्य सामान के दाम बढ़ने की चिन्ता गहरा रही है. बुधवार को, इस समुद्री परिवहन मार्ग पर तीन कमर्शियल जहाज़ों पर हमला होने की जानकारी है.28 फ़रवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक फ़ारस की खाड़ी, ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ और ओमान की खाड़ी के इर्दगिर्द जलक्षेत्र में कम से कम 21 ऐसी घटनाएँ होने की रिपोर्टें हैं. इससे पहले, अमेरिका ने मंगलवार को इस जलक्षेत्र में कथित रूप से बारूदी सुरंग बिछा रहे ईरान के जहाज़ों को निशाना बनाए जाने की बात कही है. UNCTAD ने बताया है कि तेल की क़ीमतें, प्रति बैरल 90 डॉलर से ऊपर पहुँच गई है, जबकि माल ढुलाई की दर, युद्ध के जोखिम की वजह से बीमा प्रीमियम और समुद्री ईंधन की क़ीमतों में भी उछाल आया है.इसके अलावा, जोखिम भरे जलमार्गों से गुज़रने के लिए बीमा राशि में बढ़ोत्तरी हुई है और अब प्रति कंटेनर 2 से 4 हज़ार डॉलर की अतिरिक्त लागत चुकानी पड़ रही है.‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’, ईरान और ओमान के बीच स्थित एक संकरा जलमार्ग है, जो फ़ारस की खाड़ी (Persian Gulf) को अरब सागर से जोड़ता है. यह विश्व में उन समुद्री जलमार्गों में से है, जोकि रणनैतिक रूप से बहुत अहम हैं.मध्य पूर्व में लड़ाई शुरू होने से पहले, हर दिन लगभग 140 जहाज़ों की आवाजाही होती थी, जोकि अब चँद जहाज़ों तक ही सीमित हो गई है.इससे विश्व भर में, तेल, गैस व अन्य सामान की सप्लाई चेन और समुद्री परिवहन में व्यवधान आने की आशंका प्रबल होती जा रही है, जिससे इनकी क़ीमतें बढ़ रही हैं. यूएन विशेषज्ञों का मानना है कि जब तेल और गैस की क़ीमतों में उछाल आता है, तो यह खाद्य वस्तुओं और उर्वरक की क़ीमतों में उछाल की वजह भी बन सकता है. इस जलमार्ग के ज़रिए, समुद्री रास्ते से होने वाले वैश्विक तेल व्यापार की क़रीब 25 प्रतिशत मात्रा की आपूर्ति की जाती है. साथ ही, यह द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (LNG), उर्वरक और अन्य कमर्शियल सामान की सप्लाई के लिए भी अहम है. सैन्य टकराव की वजह से, आने वाले दिनों में इन आवश्यक सामान की आपूर्ति में उथल-पुथल आने की आशंका व्यक्त की गई है.अन्तरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने ध्यान दिलाया है कि समुद्री नाविकों और नागरिक जहाज़ों पर हमले को कभी भी न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है. आवाजाही की स्वतंत्रता, अन्तरराष्ट्रीय समुद्री क़ानून का एक बुनियादी सिद्धान्त है और इसका, बिना किसी अपवाद के, हर पक्ष द्वारा सम्मान किया जाना होगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement