Advertisement
यूक्रेन: निरन्तर हमलों, ठप सेवाओं व समर्थन में कटौती से भीषण दबाव में महिलाएँ

रूसी सैन्य बलों द्वारा सुनियोजित ढंग से किए गए हमलों की वजह से यूक्रेन में ऊर्जा उत्पादन क्षमता का 65 प्रतिशत बर्बाद हो चुका है.यूएन संस्था की वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाना, केवल कोई तकनीकी व्यवधान नहीं है, और इनसे महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण व आर्थिक स्थिति पर असर पड़ता है.सोफ़िया कॉलटोर्प ने बताया कि लम्बे समय तक अंधेरा रहने, सड़कों पर प्रकाश की व्यवस्था न होने और परिवहन व्यवस्था में व्यवधान आने से महिलाओं की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है और उनके साथ उत्पीड़न व दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा है.बड़ी संख्या में यूक्रेनी महिलाएँ, अर्थव्यवस्था के ऐसे क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जहाँ बिजली कटौतियों का बड़ा असर होता है: जैसेकि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवाएँ व खुदरा व्यापार में. इन परिस्थितियों में अब उनके लिए रोज़गार ख़त्म हो रहे हैं.न बिजली, न स्कूल, न वेतनदेश की राजधानी “कीव में, आम नागरिकों को समर्थन देने के लिए एक टैंट में तापन व्यवस्था की गई है, जहाँ मेरी मुलाक़ात इरीना से हुई...उसने मुझे बताया कि बिजली न होने का अर्थ है कि मेरे बच्चों के लिए स्कूल नहीं है और बिजली न होने का अर्थ है कि मेरे लिए कोई काम नहीं है. इसका अर्थ है कि कोई वेतन नहीं है.”यूएन वीमैन के अनुसार, 24 फ़रवरी 2022 को यूक्रेन पर हुए पूर्ण स्तर के आक्रमण के बाद से अब तक वर्ष 2025, महिलाओं के लिए सर्वाधिक जानलेवा साल साबित हुआ है. चार वर्ष पहले युद्ध भड़कने के बाद से अब तक 5 हज़ार से अधिक महिलाओं व लड़कियों की जान गई है और 14 हज़ार घायल हुई हैं. वास्तविक आँकड़ा इससे कहीं अधिक होने की आशंका है.जिनीवा कार्यालय में यूएन वीमैन की प्रमुख के अनुसार, इन चुनौतियों के बावजूद यूक्रेनी महिलाएँ अपने देश को आगे बढ़ा रही हैं और महिलाओं की अगुवाई में संगठन, मानवतावादी प्रयासों की अगुवाई कर रहे हैं. वित्तीय समर्थन में कटौती की चुनौतीउनके योगदान से यूक्रेन में लाखों लोगों को संरक्षण सेवाएँ, मनोसामाजिक समर्थन, आपात सहायता और आजीविका अवसर मुहैया कराए जा रहे हैं, लेकिन वित्तीय समर्थन में कटौती की वजह से उन पर गम्भीर जोखिम है.विदेशी सहायता में कटौती के असर के आकलन के लिए कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, महिलाओं के नेतृत्व वाले हर 3 में से 1 संगठन ने चेतावनी दी है कि उनके पास 6 महीनों से अधिक कामकाज के लिए संसाधन नहीं हैं. यूएन वीमैन ने बताया कि 2025 और 2026 में वित्तीय समर्थन में आई गिरावट की वजह से, इस वर्ष 5.39 करोड़ डॉलर का नुक़सान होने की आशंका है. यदि यह रुझान जारी रहा तो 63 हज़ार महिलाओं के लिए ज़रूरी सेवाएँ ख़त्म हो सकती हैं.महिलाओं को मनोसामाजिक व क़ानूनी समर्थन की आवश्यकता होगी, उनके लिए राजनैतिक प्रतिनिधित्व, आर्थिक अवसरों की कमी होगी. महिलाओं के संगठन कमज़ोर होने से यूक्रेन में मानवतावादी व पुनर्बहाली सेवाओं के तंत्र के कमज़ोर होने की आशंका है.
© UNHCR/Alina Kovalenko
यूक्रेन में बड़ी संख्या में महिलाएँ विस्थापित होने के लिए मजबूर हुई हैं, और जीवन को फिर से पटरी पर लाने में जुटी हैं.
ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों से बढ़ी मुश्किलेंयूक्रेन में अन्तरराष्ट्रीय रैड क्रॉस फ़ेडरेशन और रैड क्रेसेन्ट सोसाइटीज़ (IFRC) ने चिन्ता जताई है कि यूक्रेन में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले जारी रहने से बिजली आपूर्ति व हीटिंग व्यवस्था पर गहरा असर हो रहा है, जिसका सर्वाधिक ख़ामियाज़ा निर्बल समुदायों को भुगतना पड़ता है.इनमें वृद्धजन, विकलांगता की अवस्था में जीवन गुज़ार रहे व्यक्ति और लम्बे समय से बीमारियों से पीड़ित समेत अन्य लोग हैं.बताया गया है कि ठंडे घरों में बीमारियाँ बढ़ती हैं और बिजली कटौतियों से भी मनो अवस्था पर असर होता है. लम्बे समय तक अंधेरा रहने, अलग-थलग रहने और निरन्तर अनिश्चितता की वजह से समुदाय थक चुके हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रवक्ता क्रिस्टियान लिन्डमायर ने स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर हुए हमलों से स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य पर व्यापक तौर पर भयावह असर हुआ है.पिछले 4 वर्षों में, अब तक 2,870 हमलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 233 लोगों की जान गई है और 937 स्वास्थ्य देखभालकर्मी व मरीज़ घायल हुए हैं.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


