संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता फिर शुरू होने का स्वागत
Source: UN News: बुधवार, 11 फ़रवरी 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच शुक्रवार को वार्ता शुरू होने का स्वागत करते हुए दोहराया है कि आपसी मतभेदों को शान्तिपूर्ण सम्वाद के ज़रिए सुलझाया जाना होगा.
ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे पर पिछले कई हफ़्तों से जारी तनातनी और अमेरिकी हमले की आशंका के बीच, दोनों देशों में बातचीत शुरू होने की जानकारी सामने आई है.समाचार माध्यमों के अनुसार, मध्य पूर्व के लिए यूएन के विशेष दूत, स्टीव विटकॉफ़ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची के नेतृत्व में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ओमान में अप्रत्यक्ष बातचीत में हिस्सा ले रहे हैं.पिछले वर्ष जून में अमेरिका और इसराइल द्वारा ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हमले किए जाने के बाद यह पहली बार है, जब दोनों पक्षों में वार्ता हो रही है.इससे पहले, हाल के दिनों में संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा ईरान से लगे तट के नज़दीक समुद्री इलाक़े में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों, परमाणु शक्ति सम्पन्न जहाज़ी बेड़े का जमावड़ा होने की रिपोर्टें थी.क्षेत्रीय तनाव में कमीयूएन महासचिव ने आशा व्यक्त की है कि बातचीत के ज़रिए, क्षेत्रीय तनाव में कमी लाने में मदद मिली और एक व्यापक संकट को टाला जा सकेगा. महासचिव ने मध्य पूर्व क्षेत्र में मेज़बान ओमान समेत उन सभी देशों का आभार प्रकट किया है, जिनके प्रयासों के परिणामस्वरूप यह बातचीत सम्भव हो पाई है. यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने दोहराया है कि वह निरन्तर तनाव में कमी लाने और यूएन चार्टर के अनुरूप, विवादों के शान्तिपूर्ण निपटारे का आग्रह करते रहे हैं.“सभी चिन्ताओं को शान्तिपूर्ण सम्वाद के ज़रिए सुलझाया जा सकता है और ऐसा किया जाना चाहिए.” प्रदर्शनकारियों की मौत की जाँचइस बीच, यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) ने ईरान में कुछ हफ़्ते पहले हुए विरोध प्रदर्शनों में मारे गए प्रदर्शनकारियों की मौत की जाँच की मांग की है. ग़ौरतलब है कि 28 दिसम्बर 2025 को, राजधानी तेहरान के ग्रैंड बाज़ार में दुकानदारों का एक समूह, ईरानी मुद्रा में आई तेज़ गिरावट, बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुआ था.इसके बाद के दिनों में, विरोध प्रदर्शन देश के अन्य शहरों में फैल गए और इन्होंने व्यापक स्तर पर सरकार-विरोधी प्रदर्शनों का रूप ले लिया, प्रदर्शनकारियों ने सरकार के पतन की पुकार लगाई और आज़ादी, गरिमा व मानवाधिकारों की मांग की. स्थानीय प्रशासन ने एक सूची जारी की है, जिसमें मारे गए 2,900 लोगों के नामों की पुष्टि की गई है, लेकिन अन्य स्रोतों के अनुसार, वास्तविक मृतक आँकड़ा इससे कहीं अधिक होने की आशंका है.यूएन कार्यालय ने कहा है कि पूर्ण रूप से सत्यापन की प्रक्रिया बहुत कठिन है, चूँकि संचार व्यवस्था व इंटरनैट को बन्द कर दिया गया था.इसके मद्देनज़र, OHCHR ने प्रदर्शनकारियों की मौतों और मानवाधिकार उल्लंघन के गम्भीर मामलों की स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी जाँच की मांग की है.