-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:06 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हेती: सहायता धनराशि के अभाव के बीच, युवा पीढ़ी का भविष्य बचाने की जद्दोजहद

Source: UN News: बुधवार, 11 फ़रवरी 2026 00:01 AM (IST)
हेती: सहायता धनराशि के अभाव के बीच, युवा पीढ़ी का भविष्य बचाने की जद्दोजहद
हेती में आपराधिक गिरोहों की बढ़ती हिंसा, राजनैतिक गतिरोध और गहरे आर्थिक संकट ने देश को एक गहरे मानवीय संकट की ओर धकेल दिया है, जहाँ आम नागरिक बेहद नाज़ुक परिस्थितियों में अपना गुज़ारा कर रहे हैं. हथियारबन्द आपराधिक गुटों का राजदानी पोर्त-ओ-प्रिंस के बड़े हिस्सों पर क़ब्ज़ा है. इस वजह से, 14 लाख से ज़्यादा लोग अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं, और भोजन, स्वास्थ्य, पानी व शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं तक पहुँच अवरुद्ध हो गई है.देश की आधी आबादी को भरपेट भोजन नहीं मिल पा रहा है, जबकि बच्चों में कुपोषण तेज़ी से बढ़ रहा है. असुरक्षा और बन्द रास्तों की वजह से मानवीय सहायता पहुँचाना भी बेहद मुश्किल हो गया है.संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस वर्ष हेती की लगभग 1.14 करोड़ आबादी में से 60 लाख लोगों को किसी न किसी रूप में मानवीय मदद की ज़रूरत होगी.वित्तीय सहायता क्यों ज़रूरी है?हेती में मानवीय सहायता के लिए मिलने वाला वित्तीय समर्थन, लोगों के लिए जीवनरेखा बना हुआ है. संयुक्त राष्ट्र की 2026 मानवीय सहायता योजना के तहत 88 करोड़ डॉलर की आवश्यकता बताई गई है, ताकि 60 लाख असुरक्षित लोगों में से 42 लाख तक आपातकालीन भोजन, आश्रय, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएँ पहुँचाई जा सकें.इन संसाधनों के बिना, बच्चों के लिए पोषण सहायता और महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी जीवनरक्षक सेवाएँ, ज़रूरतमन्दों तक नहीं पहुँच पाएँगी.संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों का कहना है कि पर्याप्त वित्तीय सहायता, न केवल जान बचाने के लिए, बल्कि हिंसा और विस्थापन से टूट चुके समुदायों को स्थिरता देने के लिए भी बेहद ज़रूरी है. सशस्त्र समूहों की हिंसा के कारण 14 लाख लोग, यानि आबादी का लगभग 12 प्रतिशत, अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं. इस विशाल विस्थापन ने बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा से वंचित कर दिया है. © UNOCHA/Giles Clarke हेती की राजधानी पोर्त-ओ-प्रिंस में गिरोह हिंसा के कारण हज़ारों लोगों की जान जा चुकी है. संयुक्त राष्ट्र क्या कहता है?कैरीबियाई देश में संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ मानवीय अधिकारी निकोल बोनी कुआसी ने कहा कि “हर हेतीवासी के जीवन और गरिमा की रक्षा करने, और युवा पीढ़ियों के लिए उम्मीद को ज़िन्दा रखने के लिए” पर्याप्त स्तर का वित्त पोषण बेहद ज़रूरी है.संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अगस्त 2025 में दानदाताओं को सम्बोधित करते हुए कहा था कि, “हेती को शर्मनाक रूप से नज़रअन्दाज़ किया जा रहा है और उसे बेहद कम धनराशि दी जा रही है.”किन सेवाओं में कटौती हुई है?खाद्य सुरक्षा सेवाओं में भारी कटौती की गई है, जिससे देश भर में बढ़ती खाद्य असुरक्षा के बीच कई लोग नियमित भोजन सहायता से वंचित हो गए हैं. पीने के पानी तक पहुँच सीमित हो गई है. जल वितरण और पानी, स्वच्छता व साफ़-सफ़ाई (WASH) से जुड़ी सेवाओं में कमी आई है. प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में कटौती की गई है, जिनमें सामुदायिक स्तर की स्वास्थ्य सहायता और चिकित्सीय सेवाएँ शामिल हैं.
शिक्षा से जुड़ी मानवीय सहायता घटा दी गई है, जिससे स्कूल बन्द होने और विस्थापन से पहले ही प्रभावित बच्चों पर अतिरिक्त असर पड़ा है.
सुरक्षा सेवाएँ भी सीमित हो गई हैं, जिनमें लैंगिक हिंसा से निपटने, बाल संरक्षण और पीड़ितों के लिए सहायता कार्यक्रम शामिल हैं. © WFP/Pedro Rodrigues गिरोहों के नियंत्रण वाले इलाक़ों से बचने के लिए, हेतीवासियों तक मदद पहुँचाने वाले ट्रकों को नावों पर लादा जा रहा है. वित्तीय सहायता जुटाना कठिन क्यों है?विशाल ज़रूरतों के बावजूद, हेती की मानवीय सहायता अपील, दुनिया के सबसे कम वित्तीय समर्थन प्राप्त संकटों में गिनी जाती है. पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र ने 90.8 करोड़ डॉलर की मांग की थी, लेकिन लक्ष्य का सिर्फ़ 24 प्रतिशत ही जुटाया जा सका.एक साथ कई वैश्विक संकटों, दानदाता देशों की कम होती दिलचस्पी, और सूडान, यूक्रेन व ग़ाज़ा जैसी अन्य आपात स्थितियों पर बढ़ते ध्यान की वजह से, हेती की ज़रूरतों को पर्याप्त संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं.इस धनराशि की कमी से कई ज़रूरी सेवाएँ ख़तरे में पड़ गई हैं. इनमें मानवीय सहायता उद्देश्यों से हवाई सेवाएँ भी शामिल हैं, जो अक्सर दूर-दराज़ और अलग-थलग समुदायों तक पहुँचने का एकमात्र ज़रिया होती हैं.नतीजतन, सहायता एजेंसियों को केवल सबसे गम्भीर मामलों को ही प्राथमिकता देनी पड़ रही है, जबकि कई ज़रूरतमन्द लोग मदद से वंचित रह जाते हैं.क्षेत्रीय और अन्तरराष्ट्रीय प्रभावहेती में मानवीय सहायता कार्रवाई के लिए पर्याप्त धनराशि न मिलने से, उसकी सीमाओं से बाहर भी अस्थिरता बढ़ने का ख़तरा है.संयुक्त राष्ट्र के अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने चेतावनी दी है कि यदि हिंसा, बड़े पैमाने पर विस्थापन और बुनियादी सेवाओं की कमी पर क़ाबू नहीं पाया गया, तो इसके गम्भीर परिणाम हो सकते हैं, जैसेकि:• अनियमित प्रवासन में वृद्धि
• पड़ोसी देशों पर दबाव
• क्षेत्रीय आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को हानि © US Coast Guard समुद्र में प्रवासियों की नाव से बचाए गए एक बच्चे को अमेरिकी तटरक्षक बल द्वारा हेती के अधिकारियों को सौंपा जा रहा है. लम्बे समय तक अस्थिरता बने रहने से अतिरिक्त संकटों की आशंका भी बढ़ जाती है, जैसेकि सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति और सीमा-पार अपराध, जिनका असर पूरे कैरीबियाई और अमेरिकी क्षेत्र में महसूस किया जा सकता है.ऐसे में, दानदाताओं की भागेदारी को, क्षेत्रीय स्थिरता और सहनसक्षमता मज़बूत करने में निवेश के रूप में देखा जा रहा है.आगे क्या होगा?2025 के अन्त में, संयुक्त राष्ट्र ने औपचारिक रूप से हेती के लिए 2026 मानवीय सहायता योजना पेश की थी, जिसमें सरकारों और साझेदारों से हिंसा और अभाव के बीच लोगों तक मदद पहुँचाने के लिए सहयोग बढ़ाने की अपील की गई है.यदि वित्तीय सहायता और ज़मीनी पहुँच में सुधार होता है, तो सहायता एजेंसियाँ खाद्य सहायता का दायरा बढ़ाने, बुनियादी सेवाएँ बहाल करने, कमज़ोर समूहों की सुरक्षा मज़बूत करने और दीर्घकालिक पुनर्बहाली के लिए अधिक टिकाऊ रास्ते तैयार करने की योजना रखती हैं.लेकिन पर्याप्त वित्तीय समर्थन और सुरक्षा में सुधार के बिना, लाखों हेतीवासियों की हालत अधिक गम्भीर होती जाएगी, और मानवीय ज़रूरतें बढ़ने की आशंका बनी रहेगी.फ़रवरी की शुरुआत तक, 2026 की अपील के लिए 4 प्रतिशत से भी कम धनराशि ही जुट पाई है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement