संक्षेप में: सीरिया में युद्धविराम का स्वागत, शीतकालीन ओलिम्पिक के लिए संघर्षविराम की अपील
Source: UN News: सोमवार, 02 फ़रवरी 2026 00:00 AM (IST)
सीरिया पर संयुक्त राष्ट्र जाँच आयोग ने, सीरियाई सरकार और मुख्यतः कुर्द नेतृत्व वाले सीरियाई लोकतांत्रिक बल (SDF) के बीच हुए युद्धविराम समझौते का स्वागत किया है. आयोग ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए देश के पूर्वोत्तर इलाक़ों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और आपसी समझौते के किसी भी तरह के उल्लंघन को रोकें.
स्वतंत्र जाँच दल के अध्यक्ष पाउलो पिनहेरो ने क्षेत्र में स्थिरता लाने के प्रयासों का स्वागत करते हुए कहा कि अब उम्मीद है कि हिंसा पूरी तरह समाप्त होगी और एक टिकाऊ समाधान निकलेगा.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस दौरान भोजन, पानी और बिजली जैसी तात्कालिक मानवीय ज़रूरतों को पूरा किया जाना बेहद ज़रूरी है.आयोग के प्रमुख ने सीरिया के कुर्द समुदाय के सांस्कृतिक और नागरिक अधिकारों को मान्यता देने के लिए, सीरियाई राष्ट्रपति द्वारा जारी किए गए आदेश का भी स्वागत किया.स्वतंत्र जाँचकर्ताओं ने अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का सख़्ती से पालन किए जाने की अपील करते हुए हत्याओं, दुर्व्यवहार और शवों के अपमान से जुड़ी बेहद चिन्ताजनक ख़बरों पर गहरी चिन्ता जताई है. जाँच आयोग की मोनिया अम्मार ने कहा कि कथित उल्लंघनों और अत्याचारों की जाँच की जा रही है और तय समय पर यह रिपोर्ट जारी की जाएगी.आयोग ने चेतावनी दी कि कड़ाके की सर्दी और बुनियादी सेवाओं तक सीमित पहुँच, विस्थापित परिवारों, विशेषकर बच्चों के लिए बेहद विनाशकारी साबित हो सकती है.जाँच आयोग ने जेलों और शिविरों में बन्द बच्चों की स्थिति पर भी गहरी चिन्ता जताई है. इनमें अल-होल शिविर भी है, जहाँ कथित तौर पर आइसिल (दाएश) से जुड़े लड़ाकों के हज़ारों परिजन रखे गए हैं.जाँच आयोग ने स्थानीय अधिकारियों से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षित व गरिमापूर्ण वापसी सुनिश्चित करने, और देशों से अपने बाल नागरिकों को तत्काल वापिस बुलाने का भी आग्रह किया है.शीतकालीन ओलिम्पिक के लिए संघर्षविराम अपील
UN Photo/Evan Schneider
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में यूएन और ओलिम्पिक समिति के ध्वज फहरा रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने, दुनिया भर में युद्धरत पक्षों से 2026 के शीतकालीन ओलिम्पिक खेलों के दौरान “वास्तविक और पारस्परिक युद्धविराम” पर सहमति बनाने की अपील की है, ताकि प्राचीन ओलिम्पिक संघर्षविराम (Olympic Truce) की परम्परा को फिर से जीवित किया जा सके.महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने ध्यान दिलाया कि, “ओलिम्पिक संघर्षविराम यह साबित करता है कि विभाजन के दौर में भी मानवता, खेल के ज़रिये साझा ज़मीन तलाश कर सकती है.”यूएन महासभा के 80वें सत्र के लिए एक अपील को पढ़कर, सदस्य देशों से आग्रह किया गया कि इन खेलों को शान्ति के अवसर के रूप में देखा जाना होगा.इस अपील में, प्राचीन यूनानी परम्परा 'ekecheiria' यानि ओलिम्पिक युद्धविराम की याद दिलाई गई है, जिसे महासभा हर ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ओलिम्पिक खेलों से पहले समर्थन देती रही है.इटली के मिलानो-कोर्टिना में शीतकालीन ओलिम्पिक खेल जल्द शुरू हो रहे हैं. परम्परा के अनुसार, संघर्षविराम, खेलों के उद्घाटन से 7 दिन पहले शुरू होकर, संघर्षविराम पैरा-ओलिम्पिक के समापन के 7 दिन बाद तक जारी रहेगा.महासभा अध्यक्ष ने कहा, “ये खेल दुनिया भर के खिलाड़ियों को एक साथ लाकर शान्ति, आपसी समझ और सदभाव को बढ़ावा देंगे.” अन्तरराष्ट्रीय ओलिम्पिक समिति द्वारा ओलिम्पिक स्थलों पर शान्ति के प्रतीक के रूप में संयुक्त राष्ट्र का झंडा फहराया जाएगा.