-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षेप में: यूक्रेन में सिलसिलेवार रूसी हमले, सीरिया के अलेप्पो में लड़ाई में तेज़ी

Source: UN News: मंगलवार, 13 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
संक्षेप में: यूक्रेन में सिलसिलेवार रूसी हमले, सीरिया के अलेप्पो में लड़ाई में तेज़ी
यूक्रेन में पिछले 24 घंटों में रूसी सैन्य बलों के हमलों की लहर में ओडेसा, ड्निप्रो और ज़ैपोरिझझिया समेत अन्य इलाक़ों में बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं. वहीं, यूएन महासचिव ने सीरिया के अलेप्पो शहर में सरकारी सुरक्षा बलों और कुर्द मिलिशिया के बीच भड़की लड़ाई पर चिन्ता जताई है. यूक्रेन में यूएन के मानवतावादी समन्वयक माथियास श्माले ने सोशल मीडिया पर अपने एक सन्देश में कहा कि बीते 24 घंटों में बन्दरगाह शहर ओडेसा में हुए हमलों में आम नागरिक हताहत हुए हैं और बिजली व जल आपूर्ति व्यवस्था को नुक़सान पहुँचा है. उधर, ड्निप्रो व ज़ैपोरिझझिया क्षेत्रों में भी बुनियादी सेवाओं समेत संचार व परिवहन सेवाओं पर असर हुआ है. ड्निप्रो में आपात स्थिति लागू कर दी गई है.पिछले कुछ सप्ताह के दौरान, यूक्रेन के अलग-अलग शहरों पर रूसी बलों के हमलों में आम नागरिकों की जान गई है, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं, सार्वजनिक प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हुए हैं और सर्दी के मौसम में तापन व्यवस्था ठप है.ड्निप्रो और ज़ैपोरिझझिया में 20 लाख लोगों के पास बिजली, पानी व तापन व्यवस्था की सीमित पहुँच है. मानवतावादी समन्वयक श्माले ने ध्यान दिलाया कि अन्तरराष्ट्रीय मानतवावादी क़ानून के तहत आम नागरिकों व बुनियादी प्रतिष्ठानों की सदैव सुरक्षा की जानी होगी.ड्निप्रो और क्रिवि रिह में समन्वित ढंग से किए गए हमले, 2022 में युद्ध भड़कने के बाद से अब तक के सबसे बड़े हमलों में हैं.यूक्रेन में फ़िलहाल यूएन के 20 कार्यक्रम व एजेंसियाँ सक्रिय हैं, जो ज़रूरतमन्द आबादी तक आपात सहायता, मनोसामाजिक समर्थन, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा, गर्म कम्बल समेत सर्दी के लिए ज़रूरी सामान और अन्य सामान पहुँचाने में जुटी हैं. सीरिया: अलेप्पो में लड़ाई में आई तेज़ी पर चिन्ता © UNOCHA/Ali Haj Suleiman सीरिया के अलेप्पो शहर में लड़ाई भड़कने की वजह से परिवार, सुरक्षित आश्रय की तलाश में जा रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सीरिया के अलेप्पो शहर में हिंसक टकराव और झड़पों में हताहत होने वाली आम नागरिकों की संख्या बढ़ने पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है.अलेप्पो में सरकारी सुरक्षा बलों और कुर्द मिलिशिया के बीच पिछले कुछ दिनों में लड़ाई में तेज़ी आई है और हज़ारों लोग विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं.यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने गुरुवार को बताया कि सीरिया के लिए महासचिव के प्रतिनिधि ने सभी सम्बद्ध पक्षों के साथ सम्पर्क स्थापित किया है.यूएन मानवतावादी कार्यालय के अनुसार, बुधवार तक कम से कम 5 आम नागरिकों के मारे जाने की ख़बर है, जिनमें 2 महिलाएँ और 1 बच्चा है. बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. झड़पों में तीन अस्पतालों समेत कई स्वास्थ्य केन्द्रों को नुक़सान पहुँचा है, और कुछ में देखभाल सेवाएँ रुकने की ख़बर है. शहर की मुख्य सड़कों पर आवाजाही पर पाबन्दी थोपी गई है.यूएन प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार सुबह तक, हज़ारों परिवार अपने घर छोड़कर जा चुके थे. बहुत से लोगों ने सुरक्षित आश्रय की तलाश में अफ़्रिन शहर का रुख़ किया है.ग़ौरतलब है कि सीरिया, दिसम्बर 2024 में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से हटाए जाने के बाद, राजनैतिक परिवर्तन के दौर से गुज़र रहा है, और देश में अब भी साम्प्रदायिक व अन्य प्रकार की हिंसा जारी है.स्थानीय प्रशासन ने आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकलने देने के इरादे से दो नए मानवतावादी गलियारों की व्यवस्था करने की घोषणा की है. विस्थापितों तक मदद पहुँचाने के लिए संसाधन जुटाए जा रहे हैं, ताकि तात्कालिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके. दक्षिण सूडान: जोंगलेई प्रान्त में हिंसा से सहायता प्रयासों में व्यवधान © UNHCR/Charlotte Hallqvist दक्षिण सूडान के रेन्क में स्थापित किए गए एक आवागमन केन्द्र पर सूडान से वहाँ पहुँचने वाले विस्थापित. दक्षिण सूडान के जोंगलेई प्रान्त में लड़ाई और हवाई हमलों में तेज़ी की वजह से लोग बेघर होने के लिए मजबूर हुए हैं और मानवीय सहायता अभियान पर असर हुआ है.आपात राहत मामलों के लिए यूएन कार्यालय ने बताया कि 29 दिसम्बर के बाद से अब तक, सेना और विपक्षी हथियारबन्द गुटों के बीच लड़ाई में 1 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, जिनमें अधिकाँश महिलाएँ, बच्चे व वृद्धजन हैं. अधिकाँश लोगों ने दूरदराज़ वाले इलाक़ों में शरण ली है, जबकि अन्य पड़ोसी प्रान्तों में भाग गए हैं.इस बीच, मानवीय सहायता संगठनों का कहना है कि जोंगलेई प्रान्त के उत्तरी हिस्से में व्याप्त असुरक्षा की वजह से अनेक कर्मचारियों को हस्तांतरित किया गया है. जो संगठन स्थानीय कर्मचारियों के साथ अपना कामकाज जारी रखे हुए हैं, उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर सामान पहुँचाने और आवश्यक काम पूरा करने में चुनौतियाँ पेश आ रही हैं. अनेक संगठनों की सामग्री व सम्पत्तियों को दोनों युद्धरत पक्षों द्वारा लूट लिए जाने या ज़ब्त किए जाने की भी ख़बर है. यह एक ऐसे समय में हो रहा है जब दक्षिण सूडान में आम नागरिक खाद्य असुरक्षा, बीमारियों के प्रकोप और पिछले वर्ष आई बाढ़ के असर से जूझ रहे हैं. ज़रूरतमन्द आबादी तक राहत पहुँचाने के लिए यूएन एजेंसी ने दोनों पक्षों के साथ सम्पर्क स्थापित किया हुआ है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement