यूक्रेन: कृषि उत्पादन को सहारा देने के इरादे से, तीन-वर्षीय योजना पेश
Source: UN News: शुक्रवार, 09 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
यूक्रेन में जारी युद्ध की वजह से स्थानीय कृषि सैक्टर गहरे दबाव में है, जिससे खाद्य उत्पादन पर गहरा असर हुआ है और आम नागरिकों के लिए जोखिम बढ़ा है. इसके मद्देनज़र, संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने यूक्रेनी किसानों को समर्थन देने और उनकी आजीविका की रक्षा के इरादे से मंगलवार को एक तीन-वर्षीय योजना प्रस्तुत की है.
यूएन एजेंसी की आपात राहत और आरम्भिक पुनर्बहाली पर केन्द्रित इस योजना में कृषि सम्बन्धी आजीविकाओं की रक्षा, खाद्य उत्पादन की बहाली और कृषि-खाद्य सैक्टर की मज़बूती के लिए उपाय साझा किए गए हैं.इस योजना के तहत, ग्रामीण इलाक़ों में सम्वेदनशील स्थिति में रह रहे परिवारों और छोटे किसानों के लिए खाद्य उत्पादन को प्राथमिकता दी गई है. इसके अलावा, कृषि योग्य भूमि को बहाल करने, प्रमुख फ़सलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और बाज़ार-केन्द्रित व जलवायु सहनसक्षम खेती को समर्थन मुहैया कराए जाने की बात कही गई है.यूक्रेन में FAO कार्यालय की प्रमुख शख़नोज़ा मुमीनोवा ने बताया कि ग्रामीण समुदाय, आपात राहत और फिर पुनर्बहाली प्रयासों के बीच समय अन्तराल को नहीं झेल सकते हैं.“यह योजना इसी खाई को पाटने के लिए तैयार की गई है – आजीविकाओं की रक्षा अभी कीजिए, कृषिभूमि तक सुरक्षित पहुँच बहाल कीजिए, और किसानों व ग्रामीण समुदायों को उत्पादन फिर से खड़ा करने के लिए समर्थन दीजिए.”आरम्भिक पुनर्बहाली से तात्पर्य, बुनियादी आजीविकाओं व सेवाओं को फिर से बहाल करने से है, एक ऐसे समय में जब आपात राहत के लिए आवश्यकताएँ भी हैं. इसके ज़रिए, प्रभावित समुदायों को गुज़र-बसर से परे जाकर, दीर्घकाल में मानवीय सहायता पर उनकी निर्भरता कम की जाती है.अग्रिम मोर्चे पर ध्यानFAO के अनुसार, लड़ाई के अग्रिम मोर्चे पर रहने वाले समुदायों, विशेष रूप से महिलाओं व युवाओं, आन्तरिक रूप से विस्थापितों और वापिस लौटने वाले लोगों पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा. साथ ही, युद्ध के विस्फोटक अवशेषों, बारूदी सुरंगों से दूषित भूमि का भी.यूएन एजेंसी ने कहा है कि फ़िलहाल 2.59 करोड़ डॉलर की रक़म के ज़रिए ये प्रयास आगे बढ़ाए जाएंगे, लेकिन आगामी दिनों में और अधिक संसाधनों की आवश्यकता हो सकती है.देश में कृषि क्षेत्र में व्याप्त इस संकट के बीच आम नागरिकों के जीवन पर जोखिम भी बरक़रार है. यूएन मानवतावादी कार्यालय के अनुसार, ख़ेरसॉन के एक इलाक़े में हुए ड्रोन हमले में एक बुज़ुर्ग की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए. सभी हताहत वहाँ खाद्य सहायता हासिल करने की प्रतीक्षा कर रहे थे. यूक्रेन में यूएन मानवतावादी समन्वयक माथियास श्माले ने इस घटना पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया है. मानवीय सहायताकर्मियों ने इस घटना के प्रभावितों को प्राथमिक उपचार मुहैया कराने के बाद अस्पताल में उनकी देखभाल की व्यवस्था की है.