-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:10 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'सोमालीलैंड' को इसराइली मान्यता पर व्यापक प्रतिक्रियाओं के बीच सुरक्षा परिषद की बैठक

Source: UN News: गुरुवार, 01 जनवरी 2026 00:00 AM (IST)
'सोमालीलैंड' को इसराइली मान्यता पर व्यापक प्रतिक्रियाओं के बीच सुरक्षा परिषद की बैठक
संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमालिया से अलग हुए क्षेत्र, सोमालीलैंड को इसराइल द्वारा मान्यता दिए जाने के विषय में सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित करते हुए सोमालिया की सम्प्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किए जाने का आग्रह किया है. साथ ही, उन्होंने सोमालिया व सोमालीलैंड से शान्तिपूर्ण बातचीत में शामिल होने का अनुरोध किया है. मध्य पूर्व, एशिया व प्रशान्त क्षेत्र के लिए सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने सोमवार को सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों को बताया कि 26 दिसम्बर को, इसराइल ने सोमालिया के क्षेत्र, सोमालीलैंड को एक स्वतंत्र व सम्प्रभु राष्ट्र के रूप में आधिकारिक मान्यता दी थी.सोमालीलैंड ने यह मान्यता मिलने के बाद, इसराइल के साथ पूर्ण कूटनैतिक सम्बन्ध स्थापित करने और अपनी सम्प्रभुता पर मुहर लगने की बात कही है. Tweet URL सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी के अनुसार, सोमालीलैंड ने उसी दिन एक वक्तव्य जारी करके कहा कि इसराइल के इस क़दम के ज़रिए अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा, जिसके लम्बे समय से प्रयास किए गए हैं. हालांकि, सोमालिया की संघीय सरकार ने अपनी सम्प्रभुता, राष्ट्रीय एकता और क्षेत्रीय अखंडता को सर्वोपरि क़रार देते हुए कहा है कि उसके साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता है. सोमालिया ने इसराइली मान्यता को सिरे से ख़ारिज करते हुए अपनी सम्प्रभुता पर सोच-समझकर किया गया हमला क़रार दिया है.सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने कहा कि किसी भी बाहरी तत्व के पास उसकी एकता या क्षेत्रीय आकार को बदलने का अधिकार नहीं है.अपने वक्तव्य में, सोमालिया ने रेखांकित किया है कि किसी विदेशी सैन्य ठिकाने को स्थापित करने या ऐसी किसी व्यवस्था की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे देश क्षेत्रीय या अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर टकराव में उलझ जाए.सोमालियाई सरकार ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार के क़दमों से क्षेत्रीय शान्ति व स्थिरता पर असर होगा और क्षेत्र में तनाव भड़केगा. इसराइल के इस क़दम की व्यापक स्तर पर प्रतिक्रिया हुई है. मिस्र, जॉर्डन, जिूबती, सऊदी अरब, तुर्कीये समेत मध्य पूर्व व अफ़्रीका क्षेत्र में स्थित अनेक देशों ने सोमालीलैंड को मान्यता दिए जाने की निन्दा की है और उसे ख़ारिज किया है.अरब लीग, पूर्वी अफ़्रीकी समुदाय, योरोपीय संघ समेत अनेक क्षेत्रीय संगठनों ने भी अपने वक्तव्य जारी करते हुए सोमालिया की एकता, सम्प्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किए जाने पर बल दिया है.सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने ज़ोर देकर कहा कि सुरक्षा परिषद ने अनेक अवसरों पर सोमालिया की सम्प्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राजनैतिक स्वाधीनता का सम्मान किए जाने पर बल दिया है. इसके तहत, 23 दिसम्बर को प्रस्ताव 2809 में यह फिर से स्पष्ट किया गया था. इस पृष्ठभूमि में, उन्होंने सभी हितधारकों से शान्तिपूर्ण ढंग से सम्वाद में शामिल होने का आग्रह किया है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement