-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 3:46 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गम्भीर हालात से जूझ रहे सीरिया में, 'राजनैतिक परिवर्तन के प्रयासों में सफलता ज़रूरी'

Source: UN News: शुक्रवार, 21 नवम्बर 2025 00:00 AM (IST)
गम्भीर हालात से जूझ रहे सीरिया में, 'राजनैतिक परिवर्तन के प्रयासों में सफलता ज़रूरी'
सीरिया में राजनैतिक बदलाव की प्रक्रिया का सफल होना, वहाँ के आम नागरिकों के लिए बहुत ज़रूरी है, जिन्होंने अपने भविष्य व स्थिरता के लिए संघर्ष किया है. सीरिया के लिए यूएन की विशेष उप दूत नजत रोश्दी ने बुधवार को सुरक्षा परिषद में कहा कि देश एक नए युग का निर्माण करने का इच्छुक है, लेकिन अतीत से उबरने, अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण और समावेशी राजनीति की राह में अपार चुनौतियाँ भी हैं, जिनका सामना करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय के समर्थन की आवश्यकता होगी. यूएन उप दूत ने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो से सुरक्षा परिषद में सदस्य देशों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पाँच दशकों की तानाशाही और 14 वर्ष तक चले युद्ध के बाद, सीरिया में मानवीय परिस्थितियाँ बहुत गम्भीर हैं.यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) का अनुमान है कि 10 लाख से अधिक सीरियाई शरणार्थी अपने देश वापिस लौट चुके हैं. पिछले वर्ष दिसम्बर में, पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद की सत्ता के पतन के लगभग एक वर्ष बाद भी, सीरिया में लोगों की अनेक मूलभूत आवश्यकताएँ पूरी नहीं हो पा रही हैं. लाखों लोग विस्थापित हैं और 1.6 करोड़ लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है. Tweet URL यूएन दूत रोश्दी ने सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2799 का स्वागत किया, जिसमें राष्ट्रपति अहमद अल-शरा और आन्तरिक मामलों के मंत्री अनस ख़ताब पर लगाए गए प्रतिबन्धों को वापिस ले लिया गया है. “सीरिया को अन्तरराष्ट्रीय समुदाय में फिर से एकीकृत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण क़दम है.”उन्होंने सीरिया में व्यवसाय कर रहे अन्य पक्षों पर थोपे गए प्रतिबन्धों को भी वापिस लिए जाने का आग्रह किया है. “पुनर्निर्माण को आगे बढ़ाने और तबाह हो चुकी सीरियाई अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने के रास्ते में ये बड़े अवरोध हैं.”नजत रोश्दी ने चिन्ता जताई कि सीरियाई क्षेत्र में इसराइली सेना के हमलों से आम नागरिकों की जान के लिए ख़तरा है, क्षेत्रीय तनाव को हवा मिल रही है और सुरक्षा हालात बिगड़ रहे हैं. “सीरिया में इसराइली सेना का अनधिकृत प्रवेश, देश की सम्प्रभुता व अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का गम्भीर उल्लंघन है.”सामाजिक भरोसे की बहालीनजत रोश्दी ने बताया कि इस वर्ष मार्च महीने में लताकिया और टारटुस में अल्पसंख्यक अलावाइट समुदाय पर हुए जानलेवा हमलों के बाद, अदालत में मुक़दमे शुरू हुए हैं. इस हिंसा में एक हज़ार से अधिक लोगों की जान गई थी.विशेष दूत ने ज़ोर देकर कहा कि सीरिया में लोगों को अगवा कर लिए जाने और उनके जबरन ग़ायब हो जाने की ख़बरें चिन्ताजनक हैं.उन्होंने पीपल्स ऐसेम्बली में सभी समुदायों व महिलाओं के लिए न्यायसंगत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपील की. यह क़ानून बनाने के लिए एक संक्रमणकालीन निकाय है, जहाँ 210 सीट हैं. इनमें से एक-तिहाई सीटों पर राष्ट्रपति शरा द्वारा नियुक्ति की जानी है.विशेष उप दूत के अनुसार, सीरिया के लिए एक स्थाई संविधान का मसौदा तैयार करना, राजनैतिक परिवर्तन के अगले चरण के लिए एक बुनियादी ज़िम्मेदारी है. इस सामाजिक अनुबन्ध को निर्धारित करने से सीरियाई नागरिकों को शान्ति व एकता का स्रोत मिल सकता है.भविष्य की ओरआपात राहत मामलों के लिए यूएन कार्यालय में निदेशक लीसा डॉटेन ने बताया कि दक्षिणी सीरिया में मोटे तौर पर युद्धविराम बरक़रार है, हालांकि छिटपुट घटनाओं की जानकारी मिली है.सुवैदा में द्रूज़ समुदाय के लड़ाकों और क़बाइली हथियारबन्द गुटों में हिंसक झड़पें भड़क उठी थीं, जिनमें लोगों का अपहरण किया गया और बदले की भावना से हमले किए गए.सुवैदा और नज़दीकी गवर्नरेट में 1.8 लाख से अधिक लोग विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं. यूएन मानवीय सहायताकर्मियों ने इन इलाक़ों में अपना काम जारी रखा है और प्रभावित समुदायों को बुनियादी सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं.OCHA ने बताया है कि हर महीने, 1,300 सहायता ट्रकों के ज़रिए लाखों लोगों तक मदद पहुँचाई जा रही है और साझेदार संगठनों के साथ मिलकर कोशिशें हो रही हैं.लीसा डॉटेन ने आग्रह किया है कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को निरन्तर सम्पर्क व बातचीत पर ध्यान देना होगा, सहायता धनराशि मुहैया करानी होगी और पुनर्निर्माण के लिए विशाल स्तर पर निवेश करना होगा. “सीरिया के लोग आपात सहायता पर निर्भर नहीं होना चाहते हैं.”पुनर्निर्माण से जुड़ी विशाल आवश्यकताएँ हैं, लेकिन हाल के दिनों में प्रतिबन्धों में राहत दी गई है और निवेश में दिलचस्पी जताई गई है, जिससे भविष्य की दिशा में बढ़ा जा सकता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement