-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:00 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हेती: आपराधिक गुटों से त्रस्त आम नागरिक, मानवीय ज़रूरतों को अनदेखा नहीं करने का आग्रह

Source: UN News: शनिवार, 30 अगस्त 2025 00:01 AM (IST)
हेती: आपराधिक गुटों से त्रस्त आम नागरिक, मानवीय ज़रूरतों को अनदेखा नहीं करने का आग्रह
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने आगाह किया है कि हेती में आपराधिक गुटों की हिंसा की वजह से स्थानीय आबादी अपार पीड़ा में जीवन गुज़ारने के लिए मजबूर हैं, और आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है. असुरक्षा और अस्थिरता का सामना कर रहे लगभग 13 लाख लोग बेघर हो गए हैं, जिनमें एक बड़ी संख्या बच्चों की है. 60 लाख से अधिक लोग मानवीय सहायता पर निर्भर हैं. यूएन के शीर्षतम अधिकारी एंतोनियो गुटेरेश ने गुरूवार को सुरक्षा परिषद में सदस्य देशों को हेती में हालात से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि आपराधिक गैंग की हिंसा से राजधानी पोर्त-ओ-प्रिन्स में विकट परिस्थितियाँ हैं, दैनिक जनजीवन दरक रहा है और परिवार जान बचाने के लिए घर छोड़कर चले गए हैं.यूएन प्रमुख ने कहा कि बलात्कार, यौन हिंसा, अस्पतालों व स्कूलों पर हमलों की ख़बरें क्षोभजनक हैं और देश में क़ानून का राज ध्वस्त हो चुका है.“13 लाख लोग अपने घर से भाग गए हैं, जिनमें आधी संख्या बच्चों की है. 60 लाख लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है.” यूएन प्रमुख ने कहा कि भूख संकट के विषय में हेती अब सबसे अधिक चिन्ता वाले पाँच शीर्ष इलाक़ों में है.चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और बार-बार हो रहे हमलों के बावजूद, यूएन मानवीय सहायताकर्मी ज़रूरतमन्द आबादी तक भोजन, जल, दवा और आश्रय मुहैया कराने में जुटे हैं. वर्ष 2025 की पहली तिमाही में 13 लाख लोगों तक सहायता पहुँचाई गई है.महासचिव ने ध्यान दिलाया कि हेती की शर्मनाक ढंग से उपेक्षा की जाती है और यहाँ सहायता प्रयासों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई है.इस वर्ष 39 लाख लोगों तक मदद पहुँचाने के लिए 90 करोड़ डॉलर की आवश्यकता है, लेकिन इस रक़म का 10 प्रतिशत जुटाना ही संभव हो पाया है.“यह धनराशि के लिए व्याप्त खाई नहीं है. यह जीवन-मृत्यु की आपात स्थिति है. मैं सभी दानदाताओं से आग्रह करता हूँ कि जीवनरक्षक अभियान पूरी तरह ठप होने से पहले वे क़दम उठाएं.” UN Photo/Eskinder Debebe यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने आपराधिक गुटों की हिंसा से जूझ रहे हेती के मुद्दे पर सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित किया. बाल अधिकारों का हननसंयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसैल ने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को बताया कि 2024 में, हेती में सबसे अधिक संख्या में बाल अधिकारों के गंभीर हनन के सत्यापित मामले दर्ज किए गए.पिछले वर्ष, बाल अधिकार हनन के दो हज़ार से अधिक मामलों की पुष्टि हुई, जोकि 2023 की तुलना में 50 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है.यूनीसेफ़ प्रमुख के अनुसार, हथियारबन्द गुटों द्वारा बच्चों को भर्ती व उनका इस्तेमाल किए जाने के पुष्ट मामलों में लगभग 700 प्रतिशत का उछाल आया है. वहीं, बच्चों की जान जाने, उनके अपंग होने के मामले 54 प्रतिशत बढ़े हैं. हालांकि ऐसे मामलों की वास्तविक संख्या कहीं अधिक होने की आशंका है.उन्होंने बताया कि यूनीसेफ़ और उसके साझेदार संगठनों को मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए रास्ता नहीं मुहैया कराया जा रहा है. इसके मद्देनज़र, उन्होंने बच्चों की रक्षा सुनिश्चित करने और अधिकार हनन मामलों को रोकने के लिए ठोस क़दम उठाने की पुकार लगाई है.कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसैल ने कहा कि हर बच्चा एक सुरक्षित, स्वस्थ व शान्तिमय जीवन जीने का हक़दार है, मगर शान्ति को तभी गढ़ा जा सकता है जब बच्चों के कल्याण और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा जाए.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement