जैव विविधता की हानि रोकने के लिए तुरन्त कार्रवाई आवश्यक – यूएन प्रमुख
Source: UN News: मंगलवार, 27 मई 2025 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सभी देशों से आहवान किया है कि वे प्रकृति के साथ अपने सम्बन्धों पर मौलिक तरीक़े से पुन: विचार करें. उन्होंने आगाह किया कि जैवविविधता की हानि एक ऐसा वैश्विक संकट है, जिसे कोई भी देश नज़रअन्दाज़ नहीं कर सकता है.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने, गुरूवार को अन्तरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर एक सन्देश में "बिजली की गति" से हो रहे प्राकृतिक दुनिया के क्षरण पर चिन्ता व्यक्त की.यूएन महासचिव ने कहा, "जैव विविधता, जीवन की नींव और सतत विकास का आधार है.""फिर भी मानवता, जैव विविधता को बिजली की गति से नष्ट कर रही है. यह प्रदूषण, जलवायु संकट, पारिस्थितिकी तंत्र के विनाश और अन्ततः अल्पकालिक हितों लिए हमारी प्राकृतिक दुनिया के अस्थिर उपयोग का ही परिणाम है."उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कोई भी देश, "चाहे वह कितना भी धनी या शक्तिशाली क्यों न हो," अकेले संकट का सामना नहीं कर सकता है, और न ही पृथ्वी पर जीवन को परिभाषित करने वाली पारिस्थितिकी समृद्धि के बिना समृद्ध हो सकता है.चेतावनी की घंटीयह अन्तरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस ऐसे समय आया है जब भविष्य की चिन्ता चरम पर है: 10 लाख प्रजातियाँ विलुप्त होने के जोखिम में हैं, मानव गतिविधियों के कारण, 75 प्रतिशत भूमि पारिस्थितिक तंत्र और समुद्री वातावरण के दो-तिहाई भाग में बड़े बदलाव आए हैं.अगर वर्तमान रुझान जारी रहते हैं, तो सतत विकास के 17 लक्ष्यों (एसडीजी) में से आठ की प्रगति ख़तरे में पड़ सकती है.महासचिव ने 2030 तक प्रकृति के नुक़सान को रोकने व उलटने के लिए अपनाए गए कुनमिंग-मॉन्ट्रियल वैश्विक जैव विविधता फ्रेमवर्क को तत्काल लागू करने का आहवान किया.इसमें राष्ट्रीय जैव विविधता कार्य योजनाओं को पूरा करना, संरक्षण के लिए वित्त बढ़ाना, हानिकारक अनुदान को बदलना और स्थानीय समुदायों, आदिवासी लोगों, महिलाओं एवं युवजन का समर्थन करना शामिल है.प्रकृति के साथ सदभावजैव विविधता खाद्य सुरक्षा, आजीविका, स्वास्थ्य और जलवायु सहनसक्षमता को बनाए रखने में मदद करती है.लगभग तीन अरब लोग मछली खाते हैं जो उनके पशु प्रोटीन सेवन का 20 प्रतिशत हिस्सा है. वहीं विकासशील देशों में 80 प्रतिशत ग्रामीण आबादी पौधों पर आधारित दवाओं पर निर्भर है.प्राकृतिक आवासों का विनाश, पशुओं और इनसानों के बीच संक्रमित होने वाले (zoonotic) रोग संचरण के जोखिम को भी बढ़ा रहा है. इसलिए जैव विविधता संरक्षण, वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सुरक्षा हासिल करने के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है.यूएन प्रमुख ने इस वर्ष की थीम पर ज़ोर देते हुए हुए कहा, "प्रकृति के साथ सदभाव में रहना और सतत विकास, मानवता के लिए, सर्वजन के लिए एक बेहतर दुनिया के निर्माण का मार्ग है.""आइए, साथ मिलकर इस मार्ग पर चलें."अन्तरराष्ट्रीय दिवससंयुक्त राष्ट्र ने जैव विविधता के मुद्दों की समझ और जागरूकता बढ़ाने के लिए, वर्ष 2000 में 22 मई को आधिकारिक तौर पर अन्तरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस घोषित किया था.1992 में इसी तिथि को, जैव विविधता पर सन्धि को अपनाया गया था.