यूएन प्रमुख की पाकिस्तान व भारत के नेताओं से टैलीफ़ोन पर बातचीत
Source: UN News: बुधवार, 30 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज़ शरीफ़ और भारत के विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर के साथ मंगलवार को, टैलीफ़ोन पर अलग-अलग बातचीत की है और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की अपनी कड़ी निन्दा को दोहराया.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक द्वारा मंगलवार को जारी एक वक्तव्य में, महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, क़ानूनी उपायों के ज़रिए, इन हमलों की जवाबदेही निर्धारित करने और न्याय सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया है.प्रवक्ता के वक्तव्य के अनुसार, यूएन महासचिव ने, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिन्ता भी व्यक्त की और ऐसे किसी टकराव को टालने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, जिसके परिणाम त्रासदीपूर्ण हो सकते हों.उन्होंने तनाव कम करने के प्रयासों में समर्थन के लिए, अपने कार्यालय की मदद की भी पेशकश की है.ग़ौरतलब है कि सुरक्षा परिषद भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कठोर निन्दा कर चुकी है जिसमें 26 लोग मारे गए थे कई अन्य लोग घायल हुए थे.