-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

वर्ष 2024 में एशिया में, प्रवासियों की मृत्यु संख्या सबसे अधिक

Source: UN News: सोमवार, 31 मार्च 2025 4:35 PM (IST)
वर्ष 2024 में एशिया में, प्रवासियों की मृत्यु संख्या सबसे अधिक
संयुक्त राष्ट्र के अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM ) की रिपोर्ट में कहा गया है कि एशिया में प्रवासियों के लिए साल 2024 सबसे अधिक घातक रहा है. इस दौरान, यहाँ के ख़तरनाक प्रवासन मार्गों पर क़रीब ढाई हज़ार लोगों की जान चली गई. यह वृद्धि प्रवासियों के लिए पनपते ख़तरे की ओर संकेत करती है. साल 2023 में यह संख्या 1,584 थी जिसकी तुलना में, वर्ष 2024 में इसमें 59 प्रतिशत वृद्धि हुई.IOM के एशिया और प्रशान्त क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक इओरी काटो ने कहा, "किसी को भी सुरक्षा या बेहतर भविष्य की तलाश में किसी को भी अपनी जान गँवाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए. एशिया या कहीं और प्रवास मार्गों पर हुई हर एक मृत्यु, सुरक्षित और नियमित प्रवासन मार्गों की तत्काल ज़रूरत की ओर इशारा करती है. … ये ऐसी त्रासदियाँ हैं जिन्हें रोका जा सकता है."रोहिंज्या और अफ़ग़ान को अधिक ख़तरा प्रवासियों की मृत्यु संख्या में वृद्धि मुख्य रूप से रोहिंज्या और अफ़ग़ान प्रवासियों से सम्बन्धित है, जिसमें म्याँमार से भाग रहे अल्पसंख्यक मुस्लिम रोहिंज्या और टकराव व अस्थिरता से बचकर भाग रहे अफ़ग़ान लोग शामिल हैं. इओरी काटो ने कहा, "एशिया भर में, युद्ध, अस्थिरता, टकराव और उत्पीड़न से बचकर भागने वाले लोगों की मृत्यु संख्या में वृद्धि गम्भीर चिन्ता का विषय है." साल 2024 में, कम से कम 1,517 अफ़ग़ान प्रवासियों की जान गई, जोकि 2023 की तुलना में 39 प्रतिशत अधिक है. रोहिंज्या प्रवासियों की मौतों की सँख्या दोगुनी से अधिक हो गई, जो वर्ष 2023 में 436 से बढ़कर 2024 में 889 तक पहुँच गई.IOM ने कहा, "प्रवासियों को संघर्ष-सम्बन्धी हिंसा के अलावा, प्रवासन रास्ते में ख़तरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिसमें असुरक्षित नावें, तस्करों द्वारा किया जाने वाला दुर्व्यवहार और ख़राब मौसम जैसी स्थितियाँ शामिल हैं. UNICEF/Patrick Brown लापता प्रवासियों का संकटप्रवासियों की पहचान नहीं हो पाना भी चिन्ता का विषय रहा है. साल 2024 में एक हज़ार से अधिक मृत लोगों की पहचान नहीं हो पाई.इओरो काटो ने कहा, "लापता प्रवासियों के बारे में आधिकारिक जानकारी का कम होना, यह बताता है कि हमारे पास एशिया में प्रवास के दौरान हुई मौतों की संख्या की सही जानकारी उपलब्ध नहीं है.”उन्होंने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड में भी, पहचान की बहुत कम जानकारी है. इसकी वजह से, अपने लापता लोगों को तलाश कर रहे परिवारों पर गहरा असर पड़ता है. एशिया के घातक प्रवास मार्गएशिया में प्रवासन जटिल है, जिसमें आर्थिक असमानता, संघर्ष और पर्यावरणीय कारक मुख्य हैं. इस स्थिति को जलवायु परिवर्तन ने और भी बदतर बनाया है. इसके अलावा, सीमित क़ानूनी मार्गों ने लोगों को अनियमित और बेहद ख़तरनाक मार्गों को अपनाने के लिए मजबूर किया है.सबसे घातक रास्तों में बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर हैं, जहाँ रोहिंज्या और बांग्लादेशी प्रवासी जन, शरण की तलाश में ख़तरनाक समुद्री यात्राएँ करते हैं. बहुत से लोग, तस्करों को धन देकर यात्रा करते हैं, जिसमें उन्हें अपनी जगह पर, वापस भेज दिए जाने का जोखिम भी होता है.साथ ही, दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में भूमि मार्ग से होने वाले प्रवासन मार्ग भी गम्भीर जोखिम उत्पन्न करते हैं. इनमें नेपाल से भारत, या अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान से ईरान व तुर्किये के मार्ग शामिल हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement