Two laborers killed in jaipur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए दो मजदूरों की मौत

khaskhabar.com: सोमवार, 30 दिसम्बर 2019 6:37 PM (IST)
रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए दो मजदूरों की मौत
जयपुर। मुहाना थाना इलाके में सर्दी से बचने के लिए दो मजदूर रविवार रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सो गए। सोमवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो साथी मजदूरों ने आवाज लगाई। अंदर से जवाब नहीं आया तो साथियों ने दरवाजा खोलकर देखा तो दोनों मजदूर मृत अवस्था में मिले। साथी मजदूरों ने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। थानाधिकारी हीरा लाल सैनी ने बताया कि मुहाना मंडी में दुकान नंबर बी-40 फल की दुकान में पिछले कुछ समय से टोंक के नगर फोर्ट निवासी लोकेश (28) और महावीर (22) मंडी में मजदूरी करते थे और दुकानों के ऊपर बने कमरे में रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात को दोनों मजदूर दुकान के ऊपर बने कमरे में सो रहे थे। सर्दी ज्यादा होने से दोनों सीढिय़ों के नीचे बनी कोठड़ी में सोने आ गए। दोनों ने बाहर रखी सिगड़ी को कोठड़ी के अन्दर लेकर सो गए। सोमवार सुबह ऊपर सो रहे अन्य मजदूर नीचे आए और उन्होंने कोठड़ी का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मजदूरों ने दरवाजा खोला। अंदर दोनों मजूदर मृत मिले। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत दम घुटने से हुई है। कमरे में वेंटीलेशन नहीं होने से कार्बन मोनोऑक्साइड फैल गई। जिससे दोनों का दम घुट गया। गौरतलब है कि 19 दिसंबर को चाकसू बाइपास पर एक होटल में कार्य करने वाला रामदयाल मौची निवासी गांव बंबोरी (टोंक) की पत्नी ऐजन व बेटे निखिल के साथ गांव दयापुरा में किराए के मकान में रह रहा था। रात सर्दी से बचने के लिए तीनों बंद कमरे में सिगड़ी जलाकर सो गए। सुबह साढ़े आठ बजे रामदयाल उठा तो पत्नी व बेटा मृत अवस्था में मिले।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement