गुडग़ांव। मिलेनियम सिटी में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार रात एमजी रोड पर ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, वहीं बादशाहपुर थाना इलाके में ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
सैक्टर-29 थाना क्षेत्र में बुधवार को एमजी रोड पर एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी सरवनजीत अपने दोस्त चेतन के साथ किसी काम से गुडग़ांव आए हुए थे। दोनों एमजी रोड की ओर जा रहे थे। एमजी रोड मेट्रो स्टेशन के पहले वह अपनी कार यूटर्न कर रहा था। इस बीच सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कार में फंस कर जख्मी हो गया। लोग दोनों को अस्पताल ले गए, लेकिन कार सवार सरवनजीत की मौत हो गई। हादसे में चेतन को गंभीर चोटें आई हैं। चेतन के बयान पर सैक्टर-29 थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
दूसरा मामला बादशाहपुर थाना इलाके में हुआ। बाइक से जा रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पत्नी गंभीर घायल हो गई। जख्मी महिला को अस्पाल में भर्ती कराया गया है। महिला के बयान पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि फरीदाबाद निवासी संतोष सिंह पत्नी पूनम के साथ गुडगांव आ रहे थे। एमजीएफ कंपनी के पास ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।