Advertisement
अलवर वन प्रभाग में पौधरोपण घोटाला : राजस्थान हाईकोर्ट सख्त, सीबीआई जांच की मांग पर राज्य सरकार को नोटिस जारी

याचिका के अनुसार, राजगढ़ रेंज के 11 अलग-अलग स्थलों पर करीब 650 हेक्टेयर क्षेत्र में मृदा संरक्षण और पौधरोपण का कार्य किया गया था। इसके लिए बजट तीन अलग-अलग योजनाओं से आया था।
प्रतिकर वनरोपण निधि प्रबंधन एवं आयोजना प्राधिकरण (कैम्पा - CAMPA)।
फ्रांसीसी विकास एजेंसी (AFD) के सम्प्रभु ऋण से संचालित राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना (RFBDP)।
राज्य योजना (State Plan)।
आरोप है कि अलवर वन प्रभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आपसी मिलीभगत कर जनता की गाढ़ी कमाई और विदेशी कर्ज की इस भारी-भरकम राशि का एक बड़ा हिस्सा फर्जीवाड़ा कर हड़प लिया।
फर्जी हस्ताक्षर और कागजों में हेराफेरी की कार्यशैली
याचिका में इस महाघोटाले को अंजाम देने के लिए अपनाई गई विभागीय कार्यशैली (Modus Operandi) का सनसनीखेज खुलासा किया गया है:
मशीनों का काम, मजदूरों के नाम: धरातल पर सारा काम भारी जेसीबी (JCB) मशीनों से कराया गया, लेकिन रिकॉर्ड में उसे गरीब मजदूरों द्वारा किया गया मानव श्रम दिखाकर महंगे बिल पास करा लिए गए।
मापन पुस्तिकाओं (MB) में हेरफेर: सरकारी रिकॉर्ड और मापन पुस्तिकाओं में फर्जी प्रविष्टियां की गईं।
फर्जी बैंक निकासी : क्षेत्र की सात ग्राम वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों के हूबहू फर्जी हस्ताक्षर (जाली साइन) किए गए और उनके बैंक खातों से करोड़ों रुपए की अवैध निकासी कर ली गई।
विभागीय आंतरिक मूल्यांकन ने ही खोली पोल : यह पूरी याचिका वन विभाग की ही एक आंतरिक जांच और मूल्यांकन रिपोर्ट पर टिकी है। दरअसल, 4 जून 2024 को तत्कालीन मुख्य वन संरक्षक (CCF) जयपुर, राजीव चतुर्वेदी ने इस गड़बड़ी को लेकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक को पत्र लिखा था। इसके बाद 28 जून से 15 जुलाई 2024 के बीच एक विशेष मूल्यांकन दल का गठन किया गया।
इस टीम की रिपोर्ट में सामने आया कि : ₹2.03 करोड़ का सीधा गबन, अनुत्पादक और अनावश्यक व्यय किया गया।
वर्ष 2015-16 से 2024-25 के बीच सात ग्राम वन सुरक्षा समितियों के खातों से ₹15.54 करोड़ से अधिक की अवैध राशि निकाली गई।
इस प्रकार कुल वित्तीय अनियमितता का आंकड़ा ₹17.58 करोड़ आंका गया, जिसकी प्रतिलिपियां कोर्ट को सौंपी गई हैं।
जांच अधिकारी को बदलकर मामले को दबाने का आरोप
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद विभाग के ही कुछ उच्च पदस्थ अधिकारी दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। घटनाक्रम के अनुसार, दिसंबर 2024 में तत्कालीन पीसीसीएफ अरिजीत बनर्जी ने राजीव चतुर्वेदी को ही इस मामले का प्रारंभिक जांच अधिकारी नियुक्त किया था। चतुर्वेदी ने फरवरी 2025 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17-ए के तहत संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने की औपचारिक स्वीकृति मांगी।
परंतु, इस प्रस्ताव को महीनों तक विभागीय स्तर पर लटकाए रखा गया। अंततः दिसंबर 2025 में वन विभाग के उप सचिव ने इस पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। लेकिन नियमानुसार कार्रवाई करने के बजाय 16 मार्च 2026 को कार्यवाहक पीसीसीएफ पवन कुमार उपाध्याय ने एक विवादास्पद आदेश जारी कर मूल जांच अधिकारी राजीव चतुर्वेदी को ही हटा दिया और उनकी जगह एक नए अधिकारी को नियुक्त कर दिया, जिसका इस पूरे मामले के पूर्व बैकग्राउंड से कोई लेना-देना नहीं था। याचिकाकर्ता ने इसे जांच को भटकाने और शून्य से दोबारा शुरू करने की एक सोची-समझी कोशिश बताया है।
सीबीआई (CBI) जांच और गबन की राशि वसूली की मांग
याचिका में नागरिकों के स्वस्थ पर्यावरण के अधिकार (अनुच्छेद 21) और पर्यावरण संरक्षण के संवैधानिक कर्तव्यों (अनुच्छेद 48-ए और 51-ए (जी)) का हवाला दिया गया है। साथ ही उच्चतम न्यायालय के प्रसिद्ध 'ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार' मामले का जिक्र करते हुए कहा गया है कि संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज करना अनिवार्य है, लेकिन तीन महीने की तय समय सीमा बीतने के बाद भी विभाग ने अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।
याचिकाकर्ता द्वारा कोर्ट से मांगी गई प्रमुख राहतें :
इस पूरे ₹17.58 करोड़ के घोटाले और पर्यावरणीय क्षति की समयबद्ध जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से माननीय न्यायालय की निगरानी में कराई जाए।
गबन में शामिल वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों, अन्य लोक सेवकों और वन समिति के पदाधिकारियों की भूमिका की जांच हो।
जो भी दोषी पाए जाएं, उनसे गबन की गई पूरी सरकारी राशि की वसूली की जाए।
इसके साथ ही, स्थगन आवेदन के जरिए नवनियुक्त जांच अधिकारी को नए सिरे से जांच करने से रोकने की भी गुहार लगाई गई है।
याचिकाकर्ता ने स्पष्ट किया कि 9 अप्रैल 2026 को मुख्य सचिव को दिए गए प्रतिवेदन और 25 अप्रैल 2026 के कानूनी नोटिस पर सरकार द्वारा कोई संज्ञान न लेने के कारण जनहित में उन्हें न्यायपालिका की शरण लेनी पड़ी। अब देखना होगा कि चार सप्ताह बाद राज्य सरकार इस गंभीर वित्तीय और पर्यावरणीय घोटाले पर माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष क्या सफ़ाई पेश करती है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


