Training on Filling Forms 6 and 8 for Students at the College of Agriculture-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कृषि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को फॉर्म-6 व 8 भरने का प्रशिक्षण

khaskhabar.com: रविवार, 21 दिसम्बर 2025 5:42 PM (IST)
कृषि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को फॉर्म-6 व 8 भरने का प्रशिक्षण
लालसोट। कृषि महाविद्यालय लालसोट के निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2025 के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म संख्या 6 एवं 8 भरने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रोफेसर दिनेश कुमार यादव ने किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिन विद्यार्थियों की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहिए। एनएसएस प्रभारी डॉ. जे. के. गुप्ता ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया तथा फॉर्म भरने की विधि की जानकारी दी। प्रोफेसर बी. एल. जाट ने मतदान को संवैधानिक अधिकार बताते हुए नैतिक एवं निष्पक्ष मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में निर्वाचन साक्षरता क्लब के जिला नोडल अधिकारी प्रोफेसर दिनेश यादव ने जिन विद्यार्थियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, उनसे शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की तथा सभी युवाओं को मतदान का संकल्प दिलवाया।
इस अवसर पर क्लब सदस्य डॉ. तरुण जटवा, डॉ. मंजू नेटवाल एवं डॉ. किरण यादव ने भी विद्यार्थियों से अपने आसपास के अन्य युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लाला राम एवं डॉ. आर.सी. आसिवाल ने किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement