Today second day of Jaat movement, section 144 imposed in eight districts-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जाट आंदोलन,15 जिलों में धरना

khaskhabar.com:
जाट आंदोलन,15 जिलों में धरना
चंडीगढ़। हरियाणा में आरक्षण की मांग को लेकर जाट आंदोलन का सोमवार को दूसरा दिन है। राज्य के 15 जिलों के 15 गांवों में जाट समुदाय के लोग धरने पर बैठे हैं। करीब तीन महीने पहले जाटों के हिंसक आंदोलन में 30 लोगों की मौत के बाद जाट नेताओं ने कड़ी सुरक्षा के बीच एक बार फिर रविवार से हरियाणा में अपना धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले दिन धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहने के बाद सरकार और प्रशासन को राहत मिली है। फिलहाल यह प्रदर्शन छोटी-छोटी बैठकों तक सीमित है। पिछली बार जाटों के प्रदर्शन से निपटने में नाकाम रहने पर हरियाणा की भाजपा सरकार को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) रामनिवास ने बताया, राज्य में शांति रही और किसी हिस्से से किसी अनहोनी की खबर नहीं है। यातायात भी सामान्य रहा। प्रदर्शनकारियों ने न तो राजमार्ग और न ही रेल लाइन को जाम किया। राम निवास ने बताया कि कई जिलों में जाट समुदाय के लोगों ने कोई प्रदर्शन नहीं किया। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे, उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपे और फिर कुछ समय बाद धरने से उठ गए। राष्ट्रीय राजमार्गों और रेल पटरियों सहित पूरे हरियाणा में चौकसी बरतने के लिए केंद्र और राज्य के करीब 20,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। फरवरी में हुए हिंसक प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने राजमार्गों और रेल की पटरियों को कई दिनों तक जाम कर दिया था। गांवों में ही कर रहे हैं प्रदर्शन
इस बार जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने शहरों की बजाय गांवों में ही धरना प्रदर्शन का फैसला किया है। साथ ही रेल और सडक मार्ग पर धरना नहीं देने का आश्वासन दिया गया है। यह धरना प्रदर्शन 15 दिनों तक चलेगा। इस बीच राज्य सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तो फिर बडे आंदोलन की चेतावनी दी दी गई है।
अर्धसैनिक बलों की 55 टुकडियां तैनात
राज्य के आठ जिलों झज्जर, सोनीपत, रोहतक, पानीपत, हिसार, जींद, फतेहाबाद और कैथल में धारा 144 लागू है। हरियाणा पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की 55 टुकडियां तैनात की गई है। रोहतक और सोनीपत में मोबाइल, इंटरनेट सेवा और एक साथ कई एसएमएस भेजने की सुविधा पर पाबंदी है। राज्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल लाइन के दोनों तरफ एक किलोमीटर तक धारा 144 लागू है।
दिल्ली में आज एहतियातन धारा 144 लगेगी
हरियाणा में जाट आंदोलन को देखते हुए हरियाणा से लगने वाले दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में एहतियातन सोमवार को धारा 144 लगाई जाएगी। दक्षिण पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली की कई कॉलोनियां हरियाणा की सीमा से सटी हुई हैं। इन सभी इलाकों में आज धारा 144 लागू होगी। दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। फरवरी में जाट आंदोलन के वक्त दिल्ली के मुखर्जी नगर और नजफगढ इलाके में भी प्रदर्शन हुआ था, जिसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने इस बार यह फैसला लिया है।

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
स�?थानीय ख़बरें
Advertisement