Rose Valley Chit Fund scam: CBI arrest TMC MP Sudip Bandyopadhyay-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सुदीप बंदोपाध्याय अरेस्ट,BJP दफ्तर पर हमले के बाद सीआरपीएफ तैनात

khaskhabar.com: मंगलवार, 03 जनवरी 2017 10:02 PM (IST)
सुदीप बंदोपाध्याय अरेस्ट,BJP दफ्तर पर हमले के बाद सीआरपीएफ तैनात
कोलकाता। रोजवैली चिटफंड घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को मंगलवार को पूछताछ के बाद सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद उग्र तृणमूल कार्यकर्ताओं के भाजपा कार्यालय पर दो बार हमले के कारण वहां सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। इस बीच बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जब सुदीप बंदोपाध्याय गिरफ्तार हो सकते हैं तो बाबुल सुप्रियो क्यों नहीं ? ममता बनर्जी ने नरेंद्र मोदी, अमित शाह व राहुल सिन्हा की गिरफ्तारी की मांग की है। तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार से धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है। ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार द्वारा मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी को बदले की राजनीति करार दिया और मोदी सरकार के प्रतिशोधात्मक रवैये के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की। ममता ने कहा, यह सब केवल नोटबंदी के खिलाफ हमारी लड़ाई को लेकर हो रहा है। हम जनता के साथ हैं और रहेंगे। जनता के साथ रहने से हमें कोई नहीं रोक सकता और नोटबंदी के खिलाफ हम अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा,हम इसकी निंदा, निंदा और निंदा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार के प्रतिशोधी रवैये के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा, हम नौ जनवरी को कोलकाता स्थित भारतीय रिजर्व बैंक के सामने विरोध-प्रदर्शनकरेंगे और 10 व 11 जनवरी को दिल्ली, असम, ओडिशा व त्रिपुरा सहित 10 विभिन्न राज्यों में धरना दिया जाएगा। ममता ने कहा, मैं भी सरकार चलाती हूं और मेरे पास भी चोरों, गुंडों व लुटेरों को गिरफ्तार करने का अधिकार है। यह गिरफ्तारी प्रधानमंत्री कार्यालय के दबाव में की गई है। तृणमूल सांसद डेरेक अोब्रेन ने कहा है कि कल दिल्ली में ढाई बजे तृणमूल सांसद सुदीप की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।
इसबीच कोलकाता में सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद तृणमूल कार्यकर्ता आक्रोशित हो गये हैं और अबतक उन्होंने दो बार भाजपा कार्यालय पर हमला बोला। टीएमसी के स्टूडेंट विंग ने बीजेपी दफ्तर पर पथराव किया और उसमें घुसने की कोशिश की। टीएमसी के हमले में बीजेपी के 12 कार्यकर्ता घायल हैं, इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अपनी पार्टी के नेताओं की लगातार हो रही गिरफ्तारी को लेकर ममता बनर्जी ने पार्टी संसदीय दल की बैठक बुलायी है। यह बैठक कोलकाता में पार्टी मुख्यालय में होगी। इस बैठक में वे अपने सांसदों के साथ आगे की रणनीति तय करेंगी। खबर है कि सुदीप को आज रात ओडिशा ले जाया जायेगा।
टीएमसी के एक अन्य सांसद तापस पाल द्वारा बंदोपाध्याय का इस मामले में नाम लिए जाने के बाद सीबीआई की टीमों ने सुदीप बंदोपाध्याय से पूछताछ की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए तीसरा नोटिस जारी किया था। पहले के दो नोटिसों का तृणमूल सांसद ने कोई जवाब नहीं दिया था।
सीबीआई के नोटिस पर सुदीप बांदोपाध्याय ने कहा- मुझे नहीं पता कि मुझे क्यों नोटिस भेजा जा रहा है, यही जानने के लिए मैं आया हूं। इसी मामले में टीएमसी के एक अन्य सांसद तपस पाल से पिछले हफ्ते पूछताछ हुई थी।

[@ Exclusive- राजनीति के सैलाब में बह गई देश के दो कद्दावर परिवारों की दोस्ती]

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement