There has been a sharp decline in terrorist activities in J&K: Rajnath-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:24 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में आई भारी गिरावट: राजनाथ

khaskhabar.com: गुरुवार, 16 जून 2022 10:25 PM (IST)
जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में आई भारी गिरावट: राजनाथ
श्रीनगर । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आई है। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जो केंद्र शासित प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं, ने कहा है कि जम्मू और कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों की संख्या में हाल ही में गिरावट आई है।" अपने आगमन के तुरंत बाद, सिंह ने जम्मू-कश्मीर के अग्रिम इलाकों (फॉरवर्ड एरिया) का दौरा किया और सीमा पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी), उत्तरी कमान लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, जीओसी 15 कोर लेफ्टिनेंट जनरल ए. एस. औजला और जीओसी 19 इन्फैंट्री डिवीजन मेजर जनरल अजय चांदपुरिया उनके साथ थे और उन्होंने मंत्री सिंह को सशस्त्र बलों की परिचालन (ऑपरेशनल) तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
बयान के अनुसार, "बाद में, राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मियों के साथ बातचीत की।"
बयान में कहा गया है, "कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों को कुशलतापूर्वक निभाने के लिए उनकी सराहना की और उनके पराक्रम और उत्साह को उल्लेखनीय बताया।"
उन्होंने अदम्य साहस और समर्पण के साथ देश की सेवा करने और लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करने के लिए सुरक्षा कर्मियों की सराहना की।
इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा, "हमारे पड़ोसी ने हमेशा भारत विरोधी गतिविधियों का सहारा लिया है। राज्य में अतीत में भी आतंकी गतिविधियां देखी गई हैं। सशस्त्र बलों, बीएसएफ, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मियों के अथक प्रयासों के कारण, हाल ही में राज्य में आतंकवादी गतिविधियों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आई है।"
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान लगातार हमारे देश में शांति भंग करने की कोशिश करता रहा है, लेकिन, हमारे सुरक्षा बल इस देश के लिए एक ऐसा सुरक्षा कवच हैं कि जो भी इसे तोड़ने की कोशिश करता है, वह खुद के हाथ खून से भर लेता है। सिंह ने कहा कि राष्ट्र को हमारे इन सुरक्षा बलों पर बहुत विश्वास है, जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है, जिसने दुनिया को 'वसुधैव कुटुम्बकम' (पूरी दुनिया एक परिवार है) का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा, "हमने कभी किसी देश को किसी भी तरह से चोट पहुंचाने की कोशिश नहीं की है और न ही हमने किसी की एक इंच भी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की है।"
हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर कभी राष्ट्र की एकता और अखंडता को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई तो सशस्त्र बल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशस्त्र बल भविष्य की चुनौतियों का पूरी ताकत से सामना करेंगे और उनकी वीरता और समर्पण देश के सुनहरे भविष्य का निर्माण करेगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement