The process of voting by raising hands is a historic step: Former Deputy Mayor Satish Kaith praised it, gave important suggestions to increase transparency-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हाथ उठाकर मतदान की प्रक्रिया ऐतिहासिक कदम : पूर्व डिप्टी मेयर सतीश कैथ ने की सराहना, पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर दिए अहम सुझाव

khaskhabar.com: गुरुवार, 26 जून 2025 1:18 PM (IST)
हाथ उठाकर मतदान की प्रक्रिया ऐतिहासिक कदम : पूर्व डिप्टी मेयर सतीश कैथ ने की सराहना, पारदर्शिता बढ़ाने को लेकर दिए अहम सुझाव
चंडीगढ़। नगर निगम की कार्यशैली में पारदर्शिता लाने की दिशा में हाल ही में लिया गया निर्णय – हाथ खड़े कर वोटिंग की प्रक्रिया – राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस फैसले की सराहना करते हुए नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सतीश कैथ ने इसे एक ऐतिहासिक और साहसिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पार्षदों की जवाबदेही न केवल अपने राजनीतिक दलों के प्रति बल्कि जनता के प्रति भी बढ़ेगी। पूर्व डिप्टी मेयर ने कहा कि “कुछ राजनीतिक दल इस प्रक्रिया से असहमत हैं, खासतौर पर वे नेता जो पिछले वर्ष के मेयर चुनाव में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहे। परंतु इस नई प्रणाली ने एक नवीन और पारदर्शी राजनीति की शुरुआत की है, जिसमें जनता की भावना को सर्वोपरि माना गया है।” दल-बदल विरोधी कानून पर भी उठाई बात
सतीश कैथ ने यह भी सुझाव दिया कि दल-बदल विरोधी कानून को नगर निगम स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने कहा कि “अब समय आ गया है कि स्थानीय निकायों में भी राजनीतिक शुचिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विधायी पहल अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में मौजूदा नेतृत्व की भूमिका निर्णायक हो सकती है।”
चुनाव अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पूर्व डिप्टी मेयर ने पिछले वर्ष नगर निगम चुनावों के दौरान सामने आए कथित 'वोट चोरी' प्रकरण की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि “चुनाव अधिकारी अनिल मसीह की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे थे, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में उन्हें नामित पार्षद के पद से हटाया जाना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर बना रह सके।”
सांसद मनीष तिवारी के सुझाव का किया समर्थन
सतीश कैथ ने सांसद मनीष तिवारी द्वारा मेयर के प्रत्यक्ष चुनाव और पांच वर्ष के तय कार्यकाल की मांग को भी समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि “यदि मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाए और उसे एक निश्चित कार्यकाल मिले, तो निगम की कार्यक्षमता व स्थायित्व दोनों बेहतर होंगे।”
लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में कदम
पूर्व डिप्टी मेयर ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस ओर गंभीरता से विचार करेगा और नगर निगम की निष्पक्षता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रकिया को सुदृढ़ करने की दिशा में आगे कदम उठाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement