khaskhabar.com: शुक्रवार, 24 मार्च 2017 10:18 PM (IST)
कानपुर। अप्रैल माह के दूसरे पखवाड़े में होने वाली गर्मी मार्च में
ही होना शुरू हो गई। जिससे दोपहर में लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गये। मौसम
विभाग ने बताया कि पारा बीते चार दिनों से लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार का तापमान
सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
मार्च अभी खत्म नहीं हुआ कि रिकार्ड तोड़ गर्मी आ
धमकी और सुबह से ही चटखधूप होने लगी। दोपहर होते-होते ऐसी धूप हो जाती है कि लोगों
की दिनचर्या ही खराब हो जाती है। मार्च के महीने में ही सूरज के कड़े तेवर देख
शहरवासी अभी से हलकान होने शुरू हो गये। लोगों को अब डर सताने लगा है कि यह चटख
धूप के कारण कहीं स्किन बर्न की समस्या न आ जाये। जिसके चलते दोपहर में सड़कों पर
दौड़ने वाले बाइक सवार चेहरा ढकने को मजबूर हो गये।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि इस
वर्ष गर्मी के पिछले सारे रिकॉर्ड टूटने के आसार हैं। अभी से ही अधिकतम पारा
सामान्य से छह डिग्री ऊपर व न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री ऊपर चल रहा है। बताया
कि शुक्रवार को अधिकतम पारा 37 डिग्री व न्यूनतम 19.6
डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में सुबह की आर्द्रता 76
व दोपहर की 50 प्रतिशत रिकार्ड की गई है।
उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रहीं है जिनकी रफ्तार 3.5 किलोमीटर
प्रति घंटा है।