रोहतक। जाट आरक्षण के दौरान हुई हिंसा व आगजनी का दंश झेल चुके रोहतक शहर के व्यापारियों को सरकार से उम्मीद थी कि उन्हें कुछ राहत देगी। घोषणा हुई तो इन व्यापारियों के चेहरे पर कुछ सुकून नजर आया। लेकिन अब फिर से व्यापारी सोचने को मजबूर हो गए हैं, उनका आरोप है कि मुआवजे को लेकर सरकार की ओर से बंदर बांट की जा रही है। किसी को तो पूरा मुआवजा दिया जा रहा है और किसी का सर्वे के बावजूद 30 प्रतिशत तक काट दिया गया है। ऐसे ही एक व्यापारी है अमीत जैन जिनका कार का शो रूम जलकर खाक हो गया। कुछ मुआवजा तो उन्हें इंश्योरेंस कम्पनी से मिल गया, लेकिन हरियाणा सरकार के सर्वेयर ने जो आकलन किया, उसमें से 39 लाख रूपए जिला प्रशासन की कमेटी ने काट दिए। इसलिए वे ये मुआवजा नही ले रहे हैं। वे सरकार से दरखास्त करते हैं कि उन्हें कम से कम आकलन किया हुआ मुआवजा तो दिया जाए तथा जो वायदे सरकार ने किए थे वे पूरे किए जाएं।