पणजी। गोवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 600 से अधिक
कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया है कि वे राज्य आरएसएस प्रमुख सुभाष वेलिंगकर की
बर्खस्तगी के विरोध में इस्तीफा दे रहे है। इसके साथ ही इन सभी ने एक अलग
ईकाई बनाने की भी घोषणा कर दी। नई ईकाई का संचालन सुभाष ही करेंगे। केंद्र
और महाराष्ट्र में बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने सुभाष वेलिंगकर का
समर्थन किया है और कहा कि बीजेपी के गोवा के चुनाव में इसके नतीजे भुगतने
होंगे।
वेलिंगकर ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रदेश के चुनाव प्रभारी के रूप में
नितिन गडकरी का पहला काम उन्हें गोवा संघ चालक के पद से हटाना था।
वेलिंगकर ने यह भी कहा कि उनके द्वारा गठित गोवा आरएसएस की समांतर इकाई
प्रदेश में नए संघ चालक की नियुक्ति आरएसएस की चेतावनी के बावजूद राज्य में
काम करना जारी रखेगी।
संघ से इस्तीफा देकर नई ईकाई बनाने वाले कार्यकर्ताओं ने
बताया कि इस नए संगठन का नागपुर से कोई लेना-देना नहीं होगा। कम से कम अगले
साल चुनाव तक यह संगठन नागपुर से कोई संबंध नहीं रखेगा। बता दें कि आरएसएस
से जिन 600 लोगों ने इस्तीफा दिया, उनमें जिला, उप जिला और शाखा प्रमुख
शामिल हैं।