सिवनी। एमपी के सिवनी जिले में एक 12वीं के छात्र ने फंदे पर झूलकर मौत को गले लगा लिया है। मृतक छत्तीसगढ के जगदलपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि परीक्षा में फेल होने की वजह से उसने फांसी लगा ली।
जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले के केवलारी थाना अंतर्गत सालीवाड़ा गांव में 18 साल के छात्र सोबल पिता अशोक धुर्वे ने अपने ही घर पर फांसी लगाकर ख़ुदकुशी कर ली। सालीवाडा निवासी सोबल छत्तीसगढ के जगदलपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां रह कर 12 वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, परीक्षा में फेल होने के बाद से सोबल परेशान था। सोमवार देर शाम को जब घर पर कोई नहीं था उस वक्त सोबल ने खुदकुशी कर ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।