भरतपुर। शहर के तूफानी मोहल्ले की महिलाओं और पुरुषों ने मंगलवार सुबह कॉलोनी से शराब का ठेका हटाने की मांग पर तूफान खड़ा कर दिया। लोगों ने ठेके के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कॉलोनी की काफी संख्या में महिलाएं सुबह से ही शराब के ठेके के बाहर डेरा जमाए बैठी रहीं। उनका कहना था कि किसी भी कीमत पर शराब के ठेका यहां नहीं चलने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ठेका रास्ते में होने से कॉलोनी के लोगों व महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। ठेेके के पास आम रास्ते में शराब के नशे में बैठे रहने वाले शरारती तत्व आए दिन महिलाओं व लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। इससे आए दिन विरोध व झगड़े की स्थिति बनी रहती है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को ठेके को बंद करने को लेकर शिकायत की जा चुकी है। इस दौरान बसपा के प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह बाबा ने बताया कि जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गरीब वर्ग की बस्तियों के निकट से शराब के ठेका हटाए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा है कि इस संबंध में पूर्व में आबकारी अधिकारी को भी गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसके चलते शराब की दुकान को बंद कराने के लिए तूफानी मोहल्ले की महिलाओं को प्रदर्शन का रास्ता अपनाने को मजबूर होना पड़ा है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में शराब के ठेकों को किसी भी कीमत पर चलने नहीं दिया जाएगा। शराब के ठेके बंद होने के बाद ही आंदोलन खत्म किया जाएगा। इस दौरान रामवती, सत्तो देवी, आशा देवी, विद्या देवी, पूरण देवी, लक्ष्मी, माया, राजकुमारी, दिनेश, लक्ष्मण, भगवान सिंह, संतोष कुमार सहित काफी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।