spying racket busted case, involving wire from Jodhpur, one arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जासूसी रैकेट भंडाफोड़ मामले में जोधपुर से जुड़े तार, एक गिरफ्तार

khaskhabar.com: गुरुवार, 27 अक्टूबर 2016 8:01 PM (IST)
जासूसी रैकेट भंडाफोड़ मामले में जोधपुर से जुड़े तार, एक गिरफ्तार
जोधपुर। देश में पाकिस्तान के एक बड़े जासूसी रैकेट का खुलासा होने के बाद इस मामले में सबसे अहम कड़ी माने जा रहे जोधपुर निवासी शोएब को गुरुवार को खुफिया एजेंसियों ने पकड़ लिया है। दिल्ली से ट्रेन में बैठकर जोधपुर आ रहे शोएब को पुलिस ने मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया। इससे पूर्व पुलिस ने जोधपुर में उसकी तलाश में कई स्थान पर दबिश दी थी। इस मामले का खुलासा दिल्ली में पाक हाई कमीश्नर में काम करने वाले एक अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। ऐसे पकड़ में आया शोएब
जोधपुर में लोगों के पासपोर्ट बनावाने के कार्य में एजेंट का काम करने वाला शोएब खांडा फलसा स्थित जटिया बास का निवासी है। शोएब पासपोर्ट बनवाने के साथ लोगों को पाकिस्तान का वीजा दिलाने में भी भूमिका निभाता था। इस दौरान वह पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी महमूद अख्तर के संपर्क में आया। इसके बाद उसने लोगों को वीजा दिलाने की आड़ में पाकिस्तानी जासूसी संस्था आईएसआई के लिए एजेंटों की भर्ती करने का काम शुरू कर दिया। इस मामले में पकड़े गए नागौर के मौलाना रमजान को सबसे पहले शोएब ने अपने जाल में फांसा। मौलाना ने पैसों के लालच में सुभाष जांगिड़ को भी अपने साथ जोड़ लिया। शोएब ने ही मौलाना की मुलाकात पाकिस्तानी दूतावास के वीजा अधिकारी महमूद अख्तर के साथ कराई थी। इसके बाद मोटी कमाई के फेर में मौलाना ने हनी ट्रैप के माध्यम से सेना व बीएसएफ के कुछ कार्मिकों को फंसा लिया। मौलाना ने इसके माध्यम से जुटाई कई महत्वपूर्ण जानकारियां महमूद अख्तर तक पहुंचाईं। शोएब ने महमूद अख्तर को अपना नेटवर्क खड़ा करने में काफी मदद की। शोएब के माध्यम से यह पता चल पाएगा कि उसने अब तक कितने लोगों को महमूद अख्तर से मिलवाया। शोएब के पकड़ में आने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा। ऐसे में खुफिया एजेंसियां कई दिन से उस पर नजर लगाए बैठी थीं। खुफियां एजेंसियों की सूचना पर जोधपुर पुलिस ने गुरुवार सुबह उसकी तलाश में शहर में कुछ स्थान पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लग पाया। शोएब दो दिन पूर्व महमूद से मिलने के लिए दिल्ली गया हुआ था। उससे मुलाकात नहीं होने के कारण वह गुरुवार सुबह दिल्ली से जोधपुर लौट रहा था। खुफिया एजेंसियों के अधिकारी दिल्ली से ही उसके पीछे लगे हुए थे। वे उसकी प्रत्येक गतिविधि पर नजर रख रहे थे। मेड़ता रोड पर उसकी गतिविधि कुछ संदिग्ध लगने पर उन्होंने उसे ट्रेन में ही दबोच लिया। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर अशोक राठौड़ ने शोएब को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे पकड़ कर जोधपुर लाया जा रहा है या फिर दिल्ली ले जाया गया है।
यह भी पढ़े :खासखबर EXCLUSIVE:यूपी चुनाव में किसकी क्या है चाल?
यह भी पढ़े :क्या इतना भी बेरहम हो सकता है इंसान...

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement