Advertisement
स्थायी लोक अदालतों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायाधिपति विनीत कुमार माथुर ने कहा कि न्याय तक वास्तविक पहुंच तभी सार्थक है, जब प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती एवं समयबद्ध न्याय मिले। विद्युत, जलापूर्ति, परिवहन, डाक, दूरसंचार एवं स्वच्छता जैसी लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के त्वरित समाधान में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अध्याय VI-A के अंतर्गत स्थापित स्थायी लोक अदालतों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालतों का उद्देश्य केवल प्रकरणों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि आम नागरिक को निष्पक्ष एवं सार्थक राहत प्रदान करना होना चाहिए। अध्यक्षगण एवं सदस्यगण सुलह की प्रक्रिया में संवेदनशीलता, धैर्य एवं प्रभावी संवाद के माध्यम से पक्षकारों की समस्याओं को समझें। जहां सुलह के प्रयास सफल न हों, वहां विधि एवं प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप निर्णय किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालतों की सफलता निस्तारित प्रकरणों की संख्या से नहीं, बल्कि आमजन को मिली राहत और न्याय व्यवस्था के प्रति बढ़े विश्वास से आंकी जानी चाहिए।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में स्थायी लोक अदालतों के विधिक ढांचे, क्षेत्राधिकार, प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली, सुलह, मध्यस्थता, वार्ता कौशल, प्रभावी संवाद, संघर्ष प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, नैतिकता एवं निष्पक्ष निर्णय प्रक्रिया जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही केस स्टडी, मॉक कार्यवाही एवं व्यावहारिक अभ्यास सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों की कार्यदक्षता विकसित की जाएगी।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस में स्थायी लोक अदालतों के क्षेत्राधिकार, लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों, सुलह एवं निर्णय प्रक्रिया तथा संवाद कौशल पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। द्वितीय दिवस में मानवीय व्यवहार, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, नैतिकता एवं मॉक कार्यवाही के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रालसा की यह पहल स्थायी लोक अदालतों की कार्यक्षमता एवं प्रभावशीलता बढ़ाने तथा आमजन को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जोधपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


