Sisters shot dead while saving brother from attackers, three arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भाई को हमलावरों से बचाने के दौरान गोली लगने से घायल बहनों की मौत, तीन गिरफ्तार

khaskhabar.com: रविवार, 18 जून 2023 6:18 PM (IST)
भाई को हमलावरों से बचाने के दौरान गोली लगने से घायल बहनों की मौत, तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम में रविवार को दो बहनों की गोली मारकर हत्या करने वाले तीन हमलावरों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन, माइकल और देव के रूप में हुई है, जबकि उनके साथी अभी फरार हैं। मृतका 30 वर्षीय पिंकी और 29 वर्षीय ज्योति अपने परिवार के साथ आरके पुरम इलाके में रहती थीं। पुलिस ने कहा कि उनके भाई ललित का देव के साथ पैसों को लेकर विवाद था। पुलिस ने कहा कि देव ललित के साथ काम करता था और उसने उससे पैसे उधार लिए थे। हालांकि, देव ने इलाके में सोनू के साथ काम करना शुरू कर दिया था। शनिवार रात, ललित अपने पैसे वापस मांगने के लिए सोनू के घर गया, जिसके बाद उनके बीच बहस हुई। बाद में सोनू और देव ने ललित को धमकी दी।
इस घटना के कुछ घंटे बाद, लगभग 2:30 बजे सोनू, देव, अर्जुन, माइकल और अन्य लोग ललित के घर के बाहर जमा हो गए। ग्रुप का नेतृत्व अर्जुन कर रहा था। उन्होंने ललित के घर पर पथराव शुरू कर दिया और लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ दिया। यह देख ललित की दोनों बहनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करने का प्रयास किया।
पुलिस ने कहा, हालांकि, हमलावरों ने पिस्तौल निकाल ली और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। ललित घटनास्थल से भाग गया, जबकि उसकी दो बहनें गोली लगने से घायल हो गईं और सड़क पर गिर गईं।
पुलिस को सुबह करीब 4:30 बजे एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि अंबेडकर बस्ती में दो महिलाओं को गोली मार दी गई है। पिंकी और ज्योति को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।
शुरुआत में आर्म्स एक्ट समेत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद, आईपीसी की धारा 302 (हत्या) को आरोपों में जोड़ा गया। पुलिस ने इलाके में कई जगहों पर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अपनी जांच के दौरान पाया कि मृतका के भाई का हमलावरों से पैसों को लेकर विवाद था। एक अधिकारी ने कहा, हम फरार अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हत्या के बाद केजरीवाल का केंद्र पर हमला
दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्र पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में कानून और व्यवस्था उपराज्यपाल (एलजी) के बजाय आप (आम आदमी पार्टी) की सरकार के अधीन होती, तो दिल्ली सबसे सुरक्षित जगह होती।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने के बजाय वे पूरी दिल्ली पर कब्जा करने की कोशिश में लगे हैं।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की कानून व्यवस्था संभालनी है, वो कानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर कब्जा करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था एलजी की बजाय 'आप' सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।
पीड़िता पिंकी (30) और ज्योति (29) को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आर.के. पुरम में अपने भाई को सशस्त्र हमलावरों से बचाने की कोशिश करते हुए गोली मार दी गई। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कहा कि हमलावर पैसों से संबंधित विवाद को लेकर उनके भाई पर हमला करने आए थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत हत्या की एफआईआर दर्ज की है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement