मुंबई। बीजेपी की सहयोगी शिवसेना ने एक बार फिर मोदी सरकार को निशाने पर लिया है। हुर्रियत और कश्मीर के मुद्दे पर मोदी सरकार के यू-टर्न से नाराज शिवसेना ने उसे गिरगिट करार दिया और कहा कि गिरगिट कैसे और कितनी बार रंग बदलता है ये अब नेताओं से सीखना चाहिए।
पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में छपे संपादकीय में शिवसेना ने कहा कि हुर्रियत और कश्मीर मामले पर केंद्र सरकार ने जैसी पलटी मारी है वैसी अगर कांग्रेस मारती तो उसे पाकिस्तान का एजेंट ठहरा देते। संसद का काम अनिश्चितकाल के लिए रुकवा देते। लेकिन केंद्र सरकार पाकनिष्ठ और हिन्दुस्तानद्रोही साबित हो चुके हुर्रियत को अपनी गोद में बैठाकर उनको दुलार रहे हैं।
लेख में कहा गया है कि मोदी कल तक कहते थे कि कश्मीर छोडक़र अन्य मामलों पर पाकिस्तान से चर्चा करेंगे, अब उनकी भूमिका बदल गई है जैसा बेवकूफाना काम कांग्रेस ने भी नहीं किया वो वर्तमान सरकार ने किया है। शिवसेना ने कहा कि हुर्रियत अब कश्मीर मामले पर पाकिस्तान से चर्चा करेगा ऐसी सुविधा उन्हें दे दी है। सच कहें तो ऐसी भूमिका पर देश को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।