Advertisement
शिवसेना फिर बना रही BJP से तोल-मोल की राह! चाहती है ‘बड़े भाई’ की भूमिका

हालांकि शिवसेना नेता संजय राउत के अनुसार, उद्धव का यह दौरा विशुद्ध रूप से राम दर्शन के लिए था। राउत ने एक दिन पहले ही 15 जून को कहा था कि शिवसेना प्रमुख लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भगवान राम का धन्यवाद करना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने पिछले साल नवंबर में अयोध्या दौरे के दौरान फिर आने का वादा किया था।
लेकिन उद्धव के असल मकसद को समझने के लिए थोड़ा पीछे लौटना पड़ेगा। लोकसभा चुनाव 2019 के पहले तक उद्धव और उनकी पार्टी शिवसेना केंद्र और महाराष्ट्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकारों में रहते हुए भाजपा के खिलाफ जहर उगल रहे थे। उद्धव और उनकी पार्टी ने कई मौकों पर न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खुलकर विरोध किया, बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में बयान भी दिए। यहां तक कि उन्होंने लोकसभा चुनाव अकेले लडऩे की बात तक कही थी। लेकिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पहल पर लोकसभा चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र में दोनों दलों का गठबंधन हो गया। महाराष्ट्र की कुल 48 सीटों में से भाजपा ने 23 और शिवसेना ने 18 पर जीत दर्ज की।
शिवसेना की असली परेशानी यह है कि वह महाराष्ट्र में छोटे भाई की भूमिका में आ गई है। जबकि किसी समय वह बड़े भाई की भूमिका में होती थी, और भाजपा छोटे भाई की तरह उसकी सहयोगी होती थी। लेकिन 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों, और फिर 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने शिवसेना को छोटे भाई की भूमिका में खड़ा कर दिया है। उसे अपनी यह स्थिति बर्दाश्त नहीं है। यही कारण है कि वह पिछले पांच सालों से भाजपा के खिलाफ जहर उगलती रही। उसे पता है कि उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है, और बड़े भाई (भाजपा) के पास उसके सितम बर्दाश्त करने के सिवा कोई चारा नहीं है।
इस तरह शिवसेना ने पूरे पांच साल भाजपा और मोदी का विरोध किया, और अंत में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उसी भाजपा से गठबंधन कर लिया। यानी शिवसेना दबाव की राजनीति कर रही थी।
लेकिन लोकसभा चुनाव बाद भी शिवसेना और भाजपा के बीच हालात कमोबेश जस के तस बने हुए हैं। नरेंद्र मोदी सरकार में शिवसेना (अरविंद सावंत) को एक बार फिर वही पुराना भारी उद्योग मंत्रालय मिला है। यह अलग बात है कि बाद में राज्य मंत्रिमंडल विस्तार में शिवसेना की तरफ से दो नए मंत्रियों को सरकार में शामिल किया गया।
उद्धव को पता है कि केंद्र में भाजपा के पास अकेले बहुमत है और वह उसका कुछ बिगाड़ नहीं सकते, लेकिन उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति में प्रासंगिक बने रहना है। इस साल अक्टूबर में महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव होने हैं और इसके लिए उन्हें इन्हीं परिस्थितियों में अपने को अधिक से अधिक मजबूत करना है। उद्धव की पूरी कोशिश होगी कि इस बार के विधानसभा चुनाव में वह अपनी पार्टी को वापस बड़े भाई की भूमिका में लाएं।
उद्धव ये सारी कसरतें इसी मद्देनजर कर रहे हैं। इसके जरिए वह भाजपा पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें यह भी लगा होगा कि भाजपा कहीं न कहीं राम से थोड़ा दूर हट रही है, और ऐसे में अयोध्या जाकर उस जगह को भरा जा सकता है और रामभक्तों को शिवसेना से जोड़ा जा सकता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features



