Schemes worth crores dedicated to public in Khaira: Parmar-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

खैरा में करोड़ों की योजनाएं जनता को समर्पित: परमार

khaskhabar.com: रविवार, 22 दिसम्बर 2019 6:16 PM (IST)
खैरा में करोड़ों की योजनाएं जनता को समर्पित: परमार
धर्मशाला । स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने रविवार को ग्राम पंचायत खैरा में 1 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खैरा में 1 करोड़ 26 लाख रुपये के बहुद्देश्यीय भवन का लोकार्पण किया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खैरा के वार्षिक उत्सव में लोगों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को वार्षिक उत्सव की बधाई दी। उन्होंने कहा "यह समय संस्थान की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने का होता है और ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा "विद्यालय में बहुउदेश्यीय भवन बच्चों के इंडोर खेलों में प्रतिभा निखारने में सहायक सिद्ध होगा।" स्वास्थ्य मंत्री ने कहा "छात्रों को स्कूलों और कॉलेजों में खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिये प्रोत्साहित करने के उदेश्य से प्रदेश में ”खेेल से स्वास्थ्य योजना“ आरम्भ की गई है। इस योजना में 50 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों और 50 कॉलेजों में कबड्डी मैट, रेसलिंग मैट तथा जूडो मैट स्थापित किये जा रहे है।" उन्होंने कहा "इसके अतिरिक्त चिन्हित स्कूलों/कॉलेजों में बॉक्सिंग रिंग, वेट लिफ्टिंग के उपकरण इत्यादि उपलब्ध करवाये गये हैं।" उन्होंने अध्यापकों, बच्चों और अभिभावकों को स्कूल के बेहतर परिणाम और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बधाई दी।
उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया "बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता तथा अनुशासन का पाठ भी अवश्य पढ़ायें और विद्यार्थियों को संस्कारित करें। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है और सरकार, प्रदेश से नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए गंभीर है।" उन्होंने अभिभावकों और अध्यापकों से युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए सजग रहने की अपील की।
परमार ने कहा "प्रदेश में इसी माह के अंत तक 100 नई एंबुलेंस प्रदेश में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा "जल जीवन मिशन में ठंडोल-मलाहू के लिए 4 करोड़ 65 लाख रुपये पेयजल सुधार के स्वीकृत किया गया है।" उन्होंने कहा "कंगेहण-ठम्बू पेयजल योजना को इस वर्ष के अंत तक तैयार करने के आदेश दिये गये हैं। इस योजना पर 37 करोड़ रुपये व्यय किये जा रहे हैं और इसमें 19 पेयजल योजना का संवर्धन होगा तथा 202 गांव के 45 हजार लोग लाभांवित होंगे।" उन्होंने इस अवसर पर मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवन चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोट प्रस्तुत की।
इससे पूर्व ग्राम पंचायत खैरा के बलूही गांव का स्वास्थ्य मंत्री ने दौरा किया। यहां लोगों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में शीर्ष पर पहुंची है और देश में समाज के प्रत्येक वर्ग की चिंता करते हुए लोगों के उत्थान और विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों लिए समान रैंक-समान पेंशन, किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना, महिलाओं को गैस कनेक्शन देने के लिए उज्जवला योजना, बीमारी में गरीब और लाचार लोगों को राहत देने के लिए आयुष्मान योजना, एक राष्ट्र, एक संविधान की परिकल्पना को साकार करते धारा 370 तथा 35ए का समापन किया और नागरिकता संशोधन बिल तथा एनआरसी को देश हित में लाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भी प्रदेश में समाज की सामुहिक रूप में चिंता की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जरुरतमंद लोगों को हिमकेयर योजना में 5 लाख रुपये तक स्वास्थ्य लाभ देने पर करीब 52 हजार लोगों को लगभग 48 करोड़ रुपये व्यय किये गये हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना से बिना गैस कनेक्शन वाले सभी परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध करवा दिये गये हैं। उन्होंने विद्यालय में इलाके से शहीद दिनेश कुमार राणा को श्रद्धाजंलि अर्पित की।
स्वास्थ्य मंत्री ने खैरा में विद्युत उपमण्डल, लंबे रूट की बस सेवा, सीएचसी खैरा के लिए एक 108 एंबुलैंस, खैरा से द्रमण सड़क के निर्माण, गांव बलूही में सामुदयिक भवन के निर्माण के लिए 5 लाख, सोलर लाइटें और खोली गांव में अंबेडकर भवन निर्माण भवन के लिए धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा "बंदला नालें के पुल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये जारी कर दिये गये हैं और इसका कार्य शीघ्र आरंभ करने तथा वर्षों से बंद पड़ी सिंचाई योजना लजियां को शीघ्र आरंभ करने के आदेश दिये।" उन्होंने अध्यापकों के पदों को भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के 21 हजार तथा विद्यालय में 2 कमरे देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री की धर्मपत्नी शर्मिला परमार, जिला अध्यक्ष हरीदत्त शर्मा, सुलह मण्डलाध्यक्ष देशराज शर्मा, सुरेश कटोच, बीडीसी अध्यक्ष सुनील मेहता, समाज सेवी, शेर सिंह, सुखदेव मंसंद, चंद्रवीर, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान रविदत्त शर्मा, दलवीर कटोच, एसएमसी के अध्यक्ष विजय नाग, रागिणी रूकवाल, मेहरचंद कटोच, देवेंद्र राणा, मनदीप अवस्थी, अभियंता आईपीएच अनिल पूरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण मुनीष सहगल, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रीतम कपूर, विद्यालय के अध्यापक, छात्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement