Sanitation system collapses in Didwana, risk of disease due to unsanitary environment – ​​villagers deeply angry-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

डीडवाना में सफाई व्यवस्था चरमराई, गंदगी जनित वातावरण से बीमारियों का खतरा — ग्रामीणों में गहरा रोष

khaskhabar.com: बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 5:22 PM (IST)
डीडवाना में सफाई व्यवस्था चरमराई, गंदगी जनित वातावरण से बीमारियों का खतरा — ग्रामीणों में गहरा रोष
लालसोट (दौसा)। लालसोट उपखंड के डीडवाना ग्राम में पंचायत प्रशासन की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव के मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, वहीं नालियों में कचरा और गंदा पानी ठहरा हुआ है। इससे सड़कों पर कीचड़ फैल गया है और आमजन का आना-जाना मुश्किल हो गया है। गांव के निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रशासन को मौखिक और लिखित रूप से शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या से संबंधित जानकारी पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर को भी भेजी गई है, मगर इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।
ग्रामीण राकेश सामोत्या सहित कई लोगों ने बताया कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी ग्रामीणों को गंदगी और सड़ांधयुक्त वातावरण में ही त्योहार मनाना पड़ा। त्यौहार के बाद भी कई बार पंचायत प्रशासन से सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की गई, परंतु किसी ने संज्ञान नहीं लिया। इस उपेक्षा से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।उन्होंने पंचायत समिति के विकास अधिकारी से तत्काल कार्रवाई कर गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement