Youth Showcase Talent at District-Level Youth Festival; Competitions Held Across Five Categories-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, पांच विधाओं में हुए मुकाबले

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 5:46 PM (IST)
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, पांच विधाओं में हुए मुकाबले
* ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर हुआ आयोजन, प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी संभाग स्तर पर करेंगे दौसा का प्रतिनिधित्व दौसा। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं 'मेरा युवा भारत' के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को यहां विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। ‘‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’’ थीम पर आयोजित महोत्सव में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी एवं गैर-विद्यार्थी युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश महावर, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा वीरेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक डॉ. मनीषा शर्मा, जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत पूनम कुमारी, सहायक परियोजना समन्वयक रामगोपाल सोनी, डॉ. मदन लाल शर्मा, विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के निदेशक डॉ. अरविंद जैमन, कार्यक्रम अधिकारी राधेश्याम शर्मा, लोकेश शर्मा, मुकेश पाराशर, बाबूलाल मीणा एवं नरेश जैमन सहित अन्य अतिथियों का तिलक, माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे मंचों का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
सहायक निदेशक डॉ. मनीषा शर्मा ने कहा कि दौसा जिले के युवाओं में अपार प्रतिभा है। प्रतियोगिताओं में युवाओं की प्रस्तुतियों ने साबित किया है कि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करने का सामर्थ्य रखते हैं। जिला युवा अधिकारी पूनम कुमारी ने महोत्सव की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी।
पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा महोत्सव में कविता लेखन, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक लोक नृत्य एवं पेंटिंग सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न विधाओं में निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार कविता लेखन में अमन शर्मा, सामूहिक लोकगीत में सचिन एंड पार्टी, नुक्कड़ नाटक में नितिन एंड पार्टी, सामूहिक लोक नृत्य में आशु सैनी एंड पार्टी तथा पेंटिंग में शिवांगी सैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी संभाग स्तर पर दौसा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महोत्सव के दौरान युवाओं की विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement