khaskhabar.com: गुरुवार, 30 जून 2016 1:05 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के अधिकारी और जवान चीनी भाषा सीखने आएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी में कहा गया है कि चीनी भाषा के साथ ही वहां की संस्कृति और लोक व्यवहार पर आधारित प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम में रुचि दिखाते हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के मुख्यालय से चार अधिकारियों के नामांकन का अनुरोध सांची विश्वविद्यालय को प्राप्त हुआ है।
बयान में कहा गया है कि 18वीं बटालियन, 48वीं बटालियन और 49वीं बटालियन के ये अधिकारी अगले एक वर्ष तक विश्वविद्यालय में रहकर चीनी भाषा सीखेंगे। इस प्रकार विश्वविद्यालय सामरिक रूप से अहम चीनी भाषा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रहा है।