जयपुर। रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्री डेनिस मन्तुरोव ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भरोसा दिलाया है कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था के विकास में रूस जरूरी सहयोग मुहैया कराएगा। मन्तुरोव के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर रूसी अधिकारियों एवं उद्योगपतियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, खनिज, शहरी विकास, प्रदूषण नियंत्रण, रक्षा निर्माण, भारी मशीनरी एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में रूस और राजस्थान के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल में रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय के विदेशी आर्थिक संबंध विभाग के निदेशक एलेक्सी गोस्पोदारेव एवं बिजनेस रशिया के अध्यक्ष एलेक्सी रिपिक भी शामिल थे।