उदयपुर। वन एवं पर्यावरण मंत्री राजकुमार रिणवां ने गुरुवार को जिला परिषद सभागार में मासिक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान रिणवां ने अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से जलदाय, निर्माण, बिजली, आवास, ग्रामीण विकास से संबंधित मुद्दों पर फीडबैक लिया और विभागों से सम्बंधित समस्याओं के निराकरण पर सवाल जवाब किए। बैठक में मंत्री रिणवा ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के कार्यों को महानरेगा के तहत पूरा करने और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निदेश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने पर्यटन स्थलों पर शुल्क आधारित शौचालय संचालन का भी सुझाव दिया। प्रभारी मंत्री रिणवा ने जिले में चयनित आदर्श ग्रामों को लेकर विधायकों से कहा कि वे विकास के प्रस्ताव बनाकर दें। ताकि जरूरत की धनराशि जुटाई जा सके। बैठक में जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, सलुम्बर, खेरवाडा सहित कई विधायकों ने पेयजल आपूर्ति में नियमितता, टंकियों का उपयोग सुनिश्चित करने और जनता जल योजनाओं के प्रस्ताव बनाकर भिजवाने में शीघ्रता लाने पर जोर दिया। इस मौके पर प्रभारी सचिव सुबोध अग्रवाल, जिला कलक्टर रोहित गुप्ता सहित कई जनप्रतिननिधि और आला अधिकारी मौजूद थे।