जयपुर। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एवं निदेशक, राजस्थान पुलिस अकादमी राजीव दासौत ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाये जाएंगे । दासौत रविवार को सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संगठन राजस्थान पुलिस परिवार कल्याण समिति के द्वितीय प्रांतीय अधिवेशन में प्रदेश भर से आये प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। दासौत ने कहा कि राजस्थान पुलिस नियमों के अनुसार सेवानिवृति के पश्चात किसी पुलिसकर्मी को 60 से 65 वर्ष की आयु तक स्थायी वेतन पर रखा जा सकता है व अकादमी में ऐसे सभी खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समिति से जोड़ने के लिए अपनी एक वेबसाइट बनवायें व साथ ही वे अपने व अपने परिवारजनों के कल्याण हेतु जो सहयोग की उम्मीद पुलिस मुख्यालय के स्तर पर करते हैं वे महानिदेशक पुलिस के समक्ष रखें एवं जिनका निराकरण राज्य सरकार के स्तर पर हो सकता है उन्हें पुलिस मुख्यालय के मार्फत राज्य सरकार के विचारार्थ भेजा जायेगा । अधिवेशन के मोके पर समिति द्वारा संकलित एवं सम्पादित स्मारिका समर्पण का विमोचन किया ।