Rakhi thread may be fragile, possesses immense strength relationships : Yuvacharya Mahendra Rishi-ji-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राखी का धागा कच्चा है, पर उसमें रिश्तों को संभालने की ताकत बहुत पक्की है : युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी

khaskhabar.com: गुरुवार, 27 अगस्त 2026 5:43 PM (IST)
राखी का धागा कच्चा है, पर उसमें रिश्तों को संभालने की ताकत बहुत पक्की है : युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी
रक्षाबंधन पर शांतिभवन में उमड़ा भाई-बहनों व श्रद्धालुओं का सैलाब, सामूहिक जाप के बाद रक्षा-सूत्र बांधकर लिया एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प भीलवाड़ा। पतंग को लगता है डोर उसे बांध रही है, जबकि सच यह है कि वही डोर उसे आसमान तक पहुंचा रही होती है। डोर कटते ही कुछ पल की आजादी तो मिलती है, लेकिन उसके बाद न दिशा बचती है, न ऊंचाई। जीवन में भी हर बंधन बुरा नहीं होता। कुछ बंधन हमें गिरने से, भटकने से और टूटने से बचाते हैं। रक्षाबंधन भी ऐसा ही बंधन है जो हाथ से ज्यादा हृदय को बांधता है और रिश्तों में सुरक्षा, मर्यादा तथा जिम्मेदारी जगाता है। ये विचार श्रमणसंघीय युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी ने शांतिभवन में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित भाई-बहनों के सामूहिक जाप के दौरान व्यक्त किए। युवाचार्यश्री ने कहा कि आज आदमी बंधन से भागना चाहता है, क्योंकि उसे लगता है कि बंधन स्वतंत्रता छीनता है। लेकिन मर्यादा का बंधन स्वतंत्रता नहीं छीनता, उसे संभालता है। पतंग की ताकत केवल हवा में नहीं, डोर में भी होती है। यही बात जीवन पर लागू होती है। संस्कार, संयम, परिवार और अपनत्व ये सब जीवन की डोर हैं। इन्हें बोझ समझकर तोड़ देंगे तो कुछ समय खुलापन लगेगा, लेकिन धीरे-धीरे दिशा छूट जाएगी।
रक्षाबंधन को केवल भाई द्वारा बहन की सुरक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्होंने कहा कि आज कई बहनें परिवार की सबसे बड़ी ताकत हैं और कई भाई भी बहनों से सहारा पाते हैं। इसलिए रक्षा का भाव एकतरफा नहीं होना चाहिए। जहां एक कमजोर पड़े, दूसरा उसकी शक्ति बने; जहां एक डगमगाए, दूसरा उसे संभाल ले यही रक्षाबंधन है। समर्थ का अशक्त के लिए खड़ा होना ही रक्षा के बंधन का असली अर्थ है।
उन्होंने कहा कि राखी का धागा कच्चा जरूर है, लेकिन भावना कच्ची नहीं होनी चाहिए। धागा टूट जाए तो फिर बांधा जा सकता है, लेकिन अपनत्व टूट जाए तो गांठ रह जाती है। इसलिए रक्षा-सूत्र की ताकत उसकी कीमत, डिजाइन या चमक में नहीं, उसके पीछे जुड़े विश्वास में है। जहां अपनत्व है वहां हिसाब नहीं होता, वहां सामने वाले की कमजोरी से पहले उसकी चिंता दिखाई देती है।
रक्षाबंधन के बदलते स्वरूप पर युवाचार्यश्री ने कहा कि आज बाजार ने पर्वों को भी चमकदार बना दिया है। राखियां बदल गईं, उपहार बदल गए, पैकिंग बदल गई, लेकिन रिश्तों का मूल्य पैकिंग से तय नहीं होता। बहन भाई का मुंह मीठा करती है और भाई बहन का, इसका अर्थ केवल मिठाई खिलाना नहीं है, यह रिश्ते में मिठास बनाए रखने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा राखी की कीमत बढ़ जाए और रिश्ते की मिठास घट जाए तो पर्व की चमक रह जाती है, आत्मा नहीं। देना-लेना प्रेम से हो, लेकिन अपेक्षा और तुलना से नहीं। कलाई पर धागा बांधकर यदि मन में हिसाब रख लिया तो रक्षा-सूत्र केवल रस्म बनकर रह जाएगा।
युवाचार्यश्री ने कहा कि रक्षाबंधन सांसारिक आकर्षण बढ़ाने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के भीतर की अच्छाइयों और सामर्थ्य की रक्षा का अवसर है। भाई-बहन एक-दूसरे की कमजोरी का मजाक नहीं, मजबूती का कारण बनें। यही इस पर्व का माधुर्य है
उन्होंने कहा कि रक्षा-सूत्र केवल कलाई पर बंधा कच्चा धागा नहीं, बल्कि भीतर की शक्ति, निर्मल दृष्टि और पारस्परिक आत्मीयता को अक्षुण्ण रखने का स्मरण है। पर्व की सार्थकता उपहारों की मात्रा में नहीं, इस बात में है कि रिश्ते कितने निष्कपट रहें, सद्गुण कितने सुरक्षित रहें और हम एक-दूसरे के जीवन में कितनी शक्ति बन सकें।
समस्त श्रद्धालुओं एवं भाई-बहनों के मंगल और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि यह रक्षा-सूत्र बाहरी संकटों के साथ भीतर की वासना, विकार और दुर्बलताओं से भी बचने की प्रेरणा दे। भाई- बहन एक-दूसरे से अपेक्षा नहीं, एक-दूसरे का संबल बनें यही रक्षाबंधन की सार्थकता है।
धर्मसभा से पूर्व युवाचार्य महेन्द्र ऋषिजी, हितमितभाषी हितेन्द्र ऋषिजी,यशोदिप्ती मधु कंवरजी,उपप्रवर्तिनी दिव्यज्योतिजी, महासती सुचेताजी एवं स्मितभाषी पियुषदर्शनाजी सहित संत-साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में ‘धम्मो मंगलमुक्किट्ठं. मंगल गाथा, शांति पाठ एवं वज्र-पंजर आत्मरक्षा स्तोत्र का सामूहिक जाप कराया गया। इसमें बड़ी संख्या में भाई-बहनों के साथ श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। जाप के पश्चात भाई-बहनों ने एक-दूसरे को रक्षा-सूत्र बांधकर पारस्परिक संरक्षण, स्नेह और आत्मीयता का संकल्प दोहराया।
शांतिभवन आनन्द अनुभूति चातुर्मास के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद चीपड़ मंत्री नवरतनमल भलावत गोपाल लोढ़ा ने बताया कि सामूहिक जाप में बड़ी संख्या में भाई- बहनों के साथ श्रावक- श्राविकाओं की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर लाभार्थी परिवार शांतिलाल, राजेशकुमार एवं संजय बापना परिवार की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रभावना वितरित की गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement