Rajasthan: Ward reservation lottery for Panchayati Raj institutions abruptly postponed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजस्थान: पंचायतीराज संस्थाओं के वार्ड आरक्षण की लॉटरी अचानक स्थगित, अब 17-18 सितंबर को होगी

khaskhabar.com: सोमवार, 17 अगस्त 2026 08:53 AM (IST)
राजस्थान: पंचायतीराज संस्थाओं के वार्ड आरक्षण की लॉटरी अचानक स्थगित, अब 17-18 सितंबर को होगी
309 शहरी निकायों के 10,245 वार्डों की लॉटरी तय समय पर आज; ओबीसी आरक्षण विवाद और 20 अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र को माना जा रहा मुख्य कारण जयपुर। राजस्थान सरकार के पंचायतीराज विभाग ने बड़ा निर्णय लेते हुए 17 और 18 अगस्त को प्रस्तावित पंचायतीराज संस्थाओं के वार्ड आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया को अचानक एक महीने के लिए स्थगित कर दिया है। अब जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य व प्रधान पदों के आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर को तथा सरपंच व वार्ड पंच पदों की लॉटरी 18 सितंबर 2026 को निकाली जाएगी। हालांकि, प्रदेश के 309 शहरी निकायों के 10,245 वार्डों की आरक्षण लॉटरी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को ही जिला स्तर पर निकाली जाएगी।
नई समय-सारणी: पंचायतीराज बनाम शहरी निकाय
शहरी निकाय (सोमवार, 17 अगस्त): 309 निकायों के 10,245 वार्डों का आरक्षण तय होगा।
पंचायतीराज पद व सदस्य (17 सितंबर): जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पदों की लॉटरी।
ग्राम पंचायत स्तर (18 सितंबर): सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी।
अचानक स्थगन के पीछे क्या हैं प्रमुख कारण?
पंचायतीराज विभाग ने आदेश में चुनाव दूसरे चरण में संभावित होने और हाईकोर्ट के नवंबर तक चुनाव कराने के निर्देशों की पालना का संकल्प दोहराया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में स्थगन के पीछे मुख्य रूप से दो कारण माने जा रहे हैं:
ओबीसी आरक्षण को लेकर विवाद:
शहरी निकायों और पंचायतीराज में ओबीसी वर्ग को पूरा 21 प्रतिशत आरक्षण न मिलने पर असंतोष गहराया हुआ है।
10,245 निकाय वार्डों में से मात्र 1,933 वार्ड (18.86%) ही ओबीसी के लिए आरक्षित हो पाए हैं।
इससे पहले 13 अगस्त को जिला प्रमुखों की लॉटरी के दौरान हर संभाग से एक महिला जिला प्रमुख बनाने के नियम पर भी विवाद हुआ था।
20 अगस्त से शुरू होने वाला विधानसभा सत्र:
विधानसभा सत्र में विपक्ष ओबीसी आरक्षण में कथित कटौती को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
यदि पंचायतीराज के सभी पदों की लॉटरी निकल जाती, तो विपक्ष के हाथ में पूरा आंकड़ा आ जाता, जिससे सदन में सरकार की घेराबंदी तेज हो सकती थी।
विपक्ष ने साधा निशाना, बताया चुनाव टालने की साजिश
लॉटरी प्रक्रिया टलने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण विसंगतियों और अपनी विफलता को छिपाने के लिए पंचायतीराज चुनावों को टालने का प्रयास कर रही है।
15 नवंबर से पहले संपन्न होंगे चुनाव: राज्य निर्वाचन आयुक्त
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा: लॉटरी का परिणाम प्राप्त होते ही आयोग शहरी निकाय चुनावों की विधिवत घोषणा कर देगा।
पंचायतीराज संस्थाओं के बाकी पदों की लॉटरी 17-18 सितंबर को पूरी होते ही पंचायतीराज चुनावों की तिथियां भी घोषित कर दी जाएंगी।
उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 15 नवंबर 2026 से पूर्व दोनों संस्थाओं के चुनाव संपन्न करवा लिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement