Rajasthan improved from 18th to 9th position - Devanani-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शिक्षा की बेहतरी से राजस्थान 18 वें से 9 वें स्थान पर आया-देवनानी

khaskhabar.com: सोमवार, 08 जनवरी 2018 5:35 PM (IST)
शिक्षा की बेहतरी से राजस्थान 18 वें से 9 वें स्थान पर आया-देवनानी
जयपुर। शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्कूल शिक्षा की बेहतरी से ही उच्च शिक्षा की सुदृढ़ नींव तैयार की जा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थाओं को आदर्श मानवीय सरोकारों की शिक्षा के संवाहक बनाए जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में गुणवत्तापूर्ण संस्कार प्रदान करने वाली शिक्षा के जो प्रयास सरकार ने किए हैं, उसी से देश में कभी 18वें स्थान पर रहने वाला राजस्थान आज शिक्षा में 9 वें स्थान पर आ गया है। शिक्षा के किए गये इन प्रयासों से प्रदेश में आने वाले समय में उच्च शिक्षा में भी राजस्थान अग्रणी बनेगा। देवनानी सोमवार को यहां राजस्थान विश्वविद्यालय के 72वें स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालयों में समाजोपयोगी शोध किये जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश व समाज की सामाजिक चुनोतियों से जूझने के लिए किस तरह से कार्य युवा करें, शोध एवं अनुसंधान इस पर केन्दि्रत रहते किए जाएं। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन के संवाहक बनने का आह्वान किया। समारोह के विशिष्ठ अतिथि विधायक अशोक परनामी ने कहा कि शिक्षा हम सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मानवीय ज्ञान सामाजिक संपति है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा सांस्कृतिक विकास के लिए प्रयास किए जाने पर जोर देते हुए कहा कि संस्कारवान पीढ़ी तैयार करने के लिए सभी प्रतिबद्ध होकर कार्य करें।
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य वक्ता प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने प्राचीन ज्ञान विज्ञान की परम्परा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत खगोल, जीव विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान की सभी शाखाओं में श्रेष्ठतम रहा है। उन्होंने भारतीय ज्ञान की उन्नत परम्पराओं से प्रेरणा लेते हुए विश्वविद्यालयों में शिक्षण विकास के अधिकाधिक कार्य किए जाने पर जोर दिया तथा प्राचीन वांड्गमय को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए जाने का आह्वान किया।
इससे पहले विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. कोठारी ने राजस्थान विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षिक परम्परा की चर्चा करते हुए कहा कि आजादी से पहले ही राजस्थान विश्वविद्यालय की स्थापना हो गई थी। तब यह देश के शीर्ष 5 विश्वविद्यालयों में था। उन्होंने कहा कि आज देशभर में सैंकड़ो विश्वविद्यालय खुल गए हैं। आवश्यकता इस बात की है कि विश्वद्यिालय को समय के अनुरूप देश का अग्रणी विश्वविद्यालय हम बनाएं। इसके लिए शिक्षण-अनुसंधान के साथ ही सह शैक्षिक गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के केन्द्रीय पुस्तकालय को विश्वस्तर का बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल कल्याणसिंह का लिखित संदेश भी पढ़कर सुनाया।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता और कार्यक्रम संयोजक प्रो. ए.के. नगावत ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रो. संजीव भानावत ने किया। शिक्षा राज्य मंत्री ने इस मौके पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement