Raja Raghuvanshi murder case - All five accused will be produced in Shillong court again today-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राजा रघुवंशी हत्याकांड - पांचों आरोपियों को आज फिर शिलांग कोर्ट में पेश किया जाएगा

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 जून 2025 07:35 AM (IST)
राजा रघुवंशी हत्याकांड - पांचों आरोपियों को आज फिर शिलांग कोर्ट में पेश किया जाएगा
शिलांग,। इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी हत्याकांड के सभी पांच आरोपियों को उनकी आठ दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद गुरुवार को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी समेत पांचों आरोपियों को गुरुवार को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उनकी पुलिस हिरासत को और बढ़ाने की मांग की जाएगी। अधिकारी ने कहा, "हमें मामले के बारे में उनसे आगे की पूछताछ के लिए सभी आरोपियों की पुलिस हिरासत की जरूरत है।" राजा रघुवंशी (28) और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी (24) गत 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। गिरफ्तारी के बाद, सभी पांचों आरोपियों - सोनम और चार अन्य - सोनम का कथित प्रेमी राज सिंह कुशवाह (21), आनंद सिंह कुर्मी (23) आकाश राजपूत (19) और विशाल सिंह चौहान (22) को 11 जून को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सभी पांचों आरोपियों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सोनम और राजा की शादी 11 मई को इंदौर (मध्य प्रदेश) में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के लिए गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे।
इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव गत 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा-चेरापूंजी इलाके में वेई सावडोंग पार्किंग स्थल के नीचे एक खाई से बरामद किया गया था। यह दंपति पूर्वोत्तर राज्य के लोकप्रिय पर्यटन स्थल से अपने हनीमून टूर के दौरान ‘लापता’ होने के आठ दिन बाद मिला था।
राजा के शव की बरामदगी के बाद, मेघालय पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और अपनी जांच का रुख बदलते हुए हत्या के मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement