RAJ-RERA tightens its grip on Modest Infra, orders refund of ₹23.19 lakh along with interest-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

RAJ-RERA ने मोडेस्ट इंफ्रा पर कसा शिकंजा, ₹23.19 लाख ब्याज सहित रिफंड करने का आदेश

khaskhabar.com: बुधवार, 27 मई 2026 6:14 PM (IST)
RAJ-RERA ने मोडेस्ट इंफ्रा पर कसा शिकंजा, ₹23.19 लाख ब्याज सहित रिफंड करने का आदेश
खास खबर। जयपुर राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RAJ-RERA) ने रीयल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए एक बार फिर घर खरीदारों के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है। अथॉरिटी ने 'ग्रीन मीडोज' प्रोजेक्ट के प्रमोटर मैसर्स मोडेस्ट इंफ्रा लिमिटेड की गंभीर लापरवाही पर कड़ा प्रहार करते हुए आवंटी की पूरी जमा पूंजी 10.80% वार्षिक ब्याज के साथ वापस करने का ऐतिहासिक आदेश जारी किया है। सदस्य रश्मि गुप्ता ने स्पष्ट किया कि प्रमोटर द्वारा निर्माण कार्य और कब्जे में वर्षों की अत्यधिक देरी किए जाने पर आवंटी को प्रोजेक्ट से बाहर निकलने और रिफंड पाने का पूर्ण वैधानिक अधिकार है।
यह मामला आवंटी अंशुमन खंडेलवाल और सह-आवंटी से जुड़ा है, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट में फ्लैट नंबर B-211 बुक किया था। इस फ्लैट की कुल बिक्री कीमत ₹23,39,495 तय की गई थी। दोनों पक्षों के बीच 18 सितंबर 2014 को विक्रय समझौता निष्पादित किया गया था। समझौते के तहत 5 वर्ष के निर्माण काल और 1 वर्ष के ग्रेस पीरियड (छूट की अवधि) को मिलाकर फ्लैट का भौतिक कब्जा 18 सितंबर 2020 तक सौंपा जाना था। आवंटी ने अपनी वित्तीय जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हुए कुल कीमत का लगभग 99 प्रतिशत हिस्सा यानी ₹23,19,320 समय पर बिल्डर को चुका दिया था। इसके बावजूद, निर्धारित समय-सीमा बीतने के 6 साल बाद भी प्रमोटर कब्जा सौंपने में पूरी तरह विफल रहा।
सुनवाई के दौरान प्रमोटर की ओर से दलील दी गई कि प्रोजेक्ट के टावर-B और टावर-D निर्माण के अंतिम चरण में हैं और वे जल्द ही इसे पूरा कर लेंगे। हालांकि, रेरा अथॉरिटी ने पाया कि प्रमोटर के पास न तो सक्षम स्थानीय प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया पूर्णता प्रमाण पत्र है और न ही अधिभोग प्रमाण पत्र। कोर्ट ने बिल्डर के दावों को खारिज करते हुए तल्ख टिप्पणी की कि जिन आवंटियों ने 12 साल पहले अपनी गाढ़ी कमाई का लगभग पूरा हिस्सा बिल्डर को सौंप दिया, उन्हें आशियाने के लिए इस तरह अनिश्चितकाल तक इंतजार करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। यह कृत्य 'सेवा में गंभीर दोष' (Deficiency in Service) की श्रेणी में आता है।
अथॉरिटी ने आवंटी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए प्रमोटर 'मोडेस्ट इंफ्रा लिमिटेड' को निर्देश दिए हैं कि वह आवंटी द्वारा जमा कराई गई पूरी रकम ₹23,19,320 तत्काल वापस लौटाए। इस मूल राशि पर प्रत्येक जमा की तारीख से लेकर वास्तविक रिफंड की तारीख तक 10.80% वार्षिक दर से पूरा ब्याज चुकाना होगा।
रेरा ने इस आदेश की पूर्ण अनुपालना के लिए प्रमोटर को वेब पोर्टल पर अपलोडिंग के बाद से 45 दिनों का कड़ा समय दिया है और 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा है। रेरा का यह फैसला उन प्रमोटरों के लिए एक कड़ा सबक है जो खरीदारों से पूरा पैसा वसूलने के बाद भी प्रोजेक्ट्स को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि कानून की नजर में उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा और समयबद्ध कब्जा सर्वोपरि है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement