RAJ-RERA: Claim of not getting possession of plot after signing sale deed rejected-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:00 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

RAJ-RERA : स्काई पलासियो के विज्ञापन में क्यूआर कोड गायब होने पर प्रमोटर पर जुर्माना

khaskhabar.com: सोमवार, 06 अप्रैल 2026 6:40 PM (IST)
RAJ-RERA : स्काई पलासियो के विज्ञापन में क्यूआर कोड गायब होने पर प्रमोटर पर जुर्माना
खास खबर। जयपुर राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RAJ-RERA) ने रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रामक विज्ञापनों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाया है। अथॉरिटी की चेयरपर्सन वीनू गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण फैसले में 'स्काई पलासियो' प्रोजेक्ट के प्रमोटर अजय कुमार आर्य पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया है।
यह जुर्माना अखबारों में प्रकाशित विज्ञापनों में रेरा के नियमों का पालन न करने और अनिवार्य 'रेरा क्यूआर कोड' प्रदर्शित न करने के कारण लगाया गया है। अथॉरिटी ने इस कार्यवाही के माध्यम से सभी बिल्डरों को कड़ा संदेश दिया है कि विज्ञापनों के मामले में निर्धारित नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या था पूरा मामला?
रेरा अथॉरिटी ने दैनिक भास्कर के जयपुर संस्करण में प्रकाशित एक विज्ञापन पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्यवाही शुरू की थी। इस विज्ञापन में प्रोजेक्ट 'स्काई पलासियो' का प्रचार किया गया था, लेकिन जांच में पाया गया कि इसमें रेरा की आधिकारिक वेबसाइट का विवरण, रजिस्ट्रेशन नंबर और सबसे महत्वपूर्ण 'रेरा क्यूआर कोड' नदारद थे। रेरा नियमों के अनुसार, प्रत्येक प्रमोटर के लिए यह अनिवार्य है कि वह अपने हर विज्ञापन में क्यूआर कोड प्रदर्शित करे, ताकि उपभोक्ता उसे स्कैन करके प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी रेरा पोर्टल पर देख सकें।
बिल्डर की सफाई और अथॉरिटी का रुखः
सुनवाई के दौरान प्रमोटर अजय कुमार आर्य (प्रतिवादी संख्या 1) की ओर से पक्ष रखते हुए तर्क दिया गया कि विज्ञापन के लिए किसी अन्य एजेंसी को अधिकृत नहीं किया गया था और भविष्य में नियमों का पालन करने का आश्वासन देते हुए सहानुभूति बरतने की अपील की गई। वहीं, प्रतिवादी संख्या 2 (नेस्टफोर्ज बिल्डर्स) और प्रतिवादी संख्या 3 (वाटिका इन्फोटेक सिटी) ने इस प्रोजेक्ट के विज्ञापनों से अपना किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया। वाटिका इन्फोटेक सिटी ने दलील दी कि उन्होंने कभी भी ऐसे किसी विज्ञापन को अधिकृत नहीं किया है।
रेरा के सख्त निर्देश और जुर्मानाः
अथॉरिटी ने तथ्यों का विश्लेषण करने के बाद माना कि प्रमोटर अजय कुमार आर्य ने रेरा अधिनियम की धारा 11(2) और रेरा रेगुलेशन 2024 के रेगुलेशन 14 का उल्लंघन किया है। नियमों की अवहेलना पर कड़ा रुख अपनाते हुए अथॉरिटी ने प्रमोटर पर ₹25,000 का अर्थदंड लगाया। प्रमोटर को यह राशि आदेश के वेब पोर्टल पर अपलोड होने के 15 दिनों के भीतर जमा करानी होगी। इसके साथ ही, अथॉरिटी ने नेस्टफोर्ज बिल्डर्स और वाटिका इन्फोटेक सिटी के खिलाफ जांच को जारी रखते हुए मामले की अगली सुनवाई 1 मई 2026 तय की है।
रेरा का यह फैसला घर खरीदारों के हितों की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। क्यूआर कोड की अनिवार्यता इसलिए की गई है ताकि खरीदार किसी भी लुभावने विज्ञापन के झांसे में आने के बजाय तकनीक का उपयोग कर स्वयं प्रोजेक्ट की वैधता, स्वीकृत नक्शे और कब्जे की तारीख की जांच कर सकें। विज्ञापनों में ऐसी चूक अब प्रमोटरों की जेब पर भारी पड़ने वाली है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement